चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कथित धांधली के खिलाफ आज दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के पास आम आदमी पार्टी प्रदर्शन करेगी। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन होगा।
दिल्ली: चंडीगढ़ के मेयर चुनाव का मुद्दा राजधानी दिल्ली तक आ पहुंचा है। चंडीगढ़ चुनाव में हुए कथित फर्जीवाड़े को लेकर आज आप दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी। हालांकि पुलिस ने प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान भी विरोध प्रदर्शन का हिस्सा होंगे। डीडीयू मार्ग और विष्णु दिगंबर मार्ग के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। वाहनों की सुरक्षा जांच की जा रही है।
वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, ‘पहले उन्होंने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वोट लूटे। अब, इसके खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए आ रहे लोगों को पूरी दिल्ली में रोका जा रहा है।’