नोएडा: वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण के पेश किए गए अंतरिम बजट से नोएडा-ग्रेनो की मेट्रो परियोजनाओं और ई-वाहनों को बढ़ावा मिलेगा। नोएडा से ग्रेनो और गाजियाबाद को जोड़ने वाली मेट्रो परियोजनाओं को समय से पूरा करने में मदद मिलेगी। इसमें नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेनो वेस्ट, डिपो से बोड़ाकी, सेक्टर-142 से बोटेनिकल गार्डन और नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी से गाजियाबाद जाने वाले कॉरिडोर का काम हो सकेगा। इसके माध्यम से जिले के लाखों लोगों को फायदा होगा।
लोगों ने बजट में आयकर से छूट की आस लगाई थी, लेकिन अब जुलाई में पेश होने वाले बजट पर उम्मीदें टिकी हैं। लोगों का मानना है कि अगर आयकर में छूट का लाभ दिया जाता तो इसका सकारात्मक असर घर के बजट पर भी पड़ता। बजट में किसानों के पराली जलाने के बजाय कमाई के रास्ते भी दिखाए गए। डेयरी विकास से संभावनाओं का दावा किया गया।