Daily 24 भारत डेस्क: ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में उत्साहपूर्ण और प्रभावशाली संबोधन दिया. अपने भाषण के दौरान उन्होंने गंभीर विषयों के साथ-साथ हल्के-फुल्के अंदाज से भी दर्शकों का मन मोह लिया.
कार्यक्रम की शुरुआत में कुछ मिनट की देरी के लिए सुनक ने स्वयं जिम्मेदारी लेते हुए उपस्थित लोगों से माफी मांगी. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “माफ कीजिए, हमें कुछ मिनट की देरी हो गई है और यह पूरी तरह से मेरी गलती है. जैसा कि हमने इस सप्ताह देखा, एआई कई काम कर सकता है, लेकिन यह अभी तक दिल्ली के यातायात की समस्या को हल नहीं कर सकता.”उनकी इस टिप्पणी पर सभागार में ठहाके गूंज उठे. हालांकि, इसे दिल्ली के ट्रैफिक पर एक हल्के तंज के रूप में भी देखा गया.
अपने संबोधन में सुनक ने भारत की तकनीकी प्रगति की खुलकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि इस सप्ताह देखने को मिला नवाचार और ऊर्जा, न केवल प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का परिणाम है, बल्कि देश के टेक समुदाय की असाधारण प्रतिबद्धता का भी उदाहरण है.सुनक ने उल्लेख किया कि स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा जारी वैश्विक रैंकिंग के अनुसार, भारत अब एआई महाशक्ति के रूप में दुनिया के शीर्ष देशों में शामिल हो चुका है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारतवासियों के लिए गर्व का विषय है.
हालांकि, उन्होंने मजाकिया लहजे में यह भी जोड़ा कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए भारत ने ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया है, जो उनके लिए थोड़ा निराशाजनक है. उन्होंने हंसते हुए कहा, “मैंने अभी प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि अगर आप आईसीसी टेस्ट रैंकिंग देखें, तो इंग्लैंड अभी भी आगे है, जो शायद ज्यादा महत्वपूर्ण है.” उनकी इस टिप्पणी ने माहौल को और भी हल्का कर दिया और दर्शकों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया. इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में ऋषि सुनक का संबोधन तकनीक, नेतृत्व और वैश्विक प्रतिस्पर्धा पर केंद्रित रहा. उन्होंने जहां भारत की उपलब्धियों की सराहना की, वहीं अपने हास्यपूर्ण अंदाज से कार्यक्रम को यादगार बना दिया.