Daily 24 भारत डेस्क: दिल्ली में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत 17 फरवरी से होने जा रही है. इसी बीच राष्ट्रीय राजधानी में 16 फरवरी से एआई इम्पैक्ट समिट 2026 की शुरुआत हो चुकी है, जो 20 फरवरी तक चलेगा. ऐसे में छात्रों को परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंचाने के लिए दिल्ली पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था की है.दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित यह एआई समिट राजधानी का अब तक का सबसे बड़ा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सम्मेलन बताया जा रहा है. इसमें दुनिया भर के कई नेता, मंत्री और प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं. समिट के चलते दिल्ली और आसपास के इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. ट्रैफिक प्रबंधन के लिए 4000 से अधिक ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 16 से 20 फरवरी 2026 तक के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. समिट के दौरान निम्न इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है:
- भारत मंडपम
- हैदराबाद हाउस
- सुषमा स्वराज भवन
- भैरों मार्ग
- मथुरा रोड (कुछ हिस्से वीवीआईपी मूवमेंट के समय बंद)
- अकबर रोड
- कर्तव्य पथ
- तीन मूर्ति मार्ग
- जनपथ
- शांति पथ
बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. 17 फरवरी से शुरू हो रही 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए शिक्षा विभाग और परिवहन विभाग ने मिलकर विशेष इंतजाम किए हैं. परीक्षा केंद्रों की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता दी जाएगी. ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. परीक्षा समय के दौरान अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी. दिल्ली से बाहर जाने वाले वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ा जाएगा. हालांकि, आईएसबीटी कश्मीरी गेट, एम्स, धौला कुआं और आश्रम चौक की ओर जाने वाले ट्रैफिक पर सामान्य रूप से कोई डायवर्जन लागू नहीं किया जाएगा. एआई समिट के कारण दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किए गए हैं, लेकिन बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि नागरिक ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और समय से पहले घर से निकलें, ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके.