Daily 24 भारत डेस्क: जेफरी एपस्टीन से जुड़ी फाइलों को लेकर दुनियाभर में हलचल मची हुई है. इन फाइलों में कई चर्चित हस्तियों के नाम सामने आने के बाद अब तिब्बत के आध्यात्मिक धर्मगुरु दलाई लामा को लेकर भी दावे किए गए हैं. हालांकि, इन दावों को दलाई लामा के कार्यालय ने पूरी तरह खारिज कर दिया है. यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज़ एक बार फिर वैश्विक बहस का विषय बन गए हैं. अमेरिका के न्याय विभाग से जुड़ी कुछ फाइलों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इन दस्तावेज़ों में तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा का नाम कथित तौर पर 169 बार आया है.
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि दलाई लामा का नाम निजी ईमेल्स और ‘मसाज फॉर डमीज़’ नाम की एक किताब के इंडेक्स में दर्ज था, जिसे एपस्टीन केस रिकॉर्ड के तहत स्कैन किए गए दस्तावेज़ों में शामिल किया गया था. इन दावों के सामने आने के बाद दलाई लामा के कार्यालय ने रविवार, 8 फरवरी 2026 को आधिकारिक बयान जारी कर सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. कार्यालय की ओर से कहा गया कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स गलत तरीके से दलाई लामा को एपस्टीन से जोड़ने की कोशिश कर रही हैं.
Epstein Files में दलाई लामा का नाम?, ‘जेफरी से कभी नहीं मिला’…@DalaiLama #EpsteinFiles #DalaiLama #JeffreyEpstein pic.twitter.com/yUfAJK8IKV
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) February 9, 2026
बयान के अनुसार, दलाई लामा कभी भी जेफरी एपस्टीन से नहीं मिले और न ही उन्होंने किसी प्रतिनिधि को उनसे मिलने या संपर्क करने की अनुमति दी थी. हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में अक्टूबर 2012 के एक कथित ईमेल का जिक्र किया गया है, जिसमें दलाई लामा और एपस्टीन की संभावित मुलाकात की बात कही गई थी. इतना ही नहीं, इसमें यह भी संकेत दिया गया कि दोनों के एक ही कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना थी.
वहीं, यूरोप के एक टीवी चैनल ‘नेक्स्टा टीवी’ ने दावा किया कि दलाई लामा के अनुयायी बताए जाने वाले कुछ लोग एपस्टीन से मिले हो सकते हैं, जिसके आधार पर कथित इनडायरेक्ट लिंक को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं. लेकिन दलाई लामा के कार्यालय ने इन सभी दावों को पूरी तरह निराधार बताया है और साफ किया है कि इस तरह की रिपोर्ट्स भ्रामक हैं. फिलहाल दलाई लामा के कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान के बाद इन दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं. अब देखना होगा कि इस मामले में आगे और क्या खुलासे होते हैं.