डेली24 भारत डेस्क: उत्तर प्रदेश के नोएडा में स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल एक बार फिर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवालों के घेरे में आ गया है. सेक्टर-38ए में स्थित इस चर्चित मॉल के एक बार में शुक्रवार देर रात हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जब बाउंसरों ने कथित तौर पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से जुड़े कुल सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया.
यह पूरा मामला थाना सेक्टर-39 क्षेत्र का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात कुछ युवक मॉल के एक बार के बाहर डांस कर रहे थे. इसी दौरान डांस करने को लेकर बार स्टाफ और युवकों के बीच कहासुनी हो गई. शुरुआत में यह बहस मामूली तकरार तक सीमित थी, लेकिन देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. लोगों और वायरल वीडियो के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद बार में तैनात बाउंसरों ने एक युवक को जबरन जमीन पर पटक दिया. इसके बाद कई बाउंसरों ने मिलकर युवक पर लातों और घूंसे बरसाए. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक जमीन पर बेसुध पड़ा है और उसके बावजूद उस पर लगातार हमला किया जा रहा है. हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी बीच-बचाव की कोशिश नहीं की.
नोएडा: गार्डन गैलेरिया मॉल के बार में बाउंसरों ने युवक को गिरा-गिराकर बेरहमी से पीटा। मामूली कहासुनी का वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर आक्रोश। अब निगाहें प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। @noidapolice #Noida #crime
Reporter – @Vinayak54284504 pic.twitter.com/cN9wMbnePx
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) February 7, 2026
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर यूजर्स ने बाउंसरों की दबंगई और मॉल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए. कई लोगों ने कहा कि गार्डन गैलेरिया मॉल में यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी यहां मारपीट और बदसलूकी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. इसके बावजूद न तो मॉल प्रबंधन ने सख्त कदम उठाए और न ही बाउंसरों के व्यवहार में कोई सुधार देखने को मिला.
सोशल मीडिया पर लोगों ने मांग की कि दोषी बाउंसरों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और मॉल प्रबंधन की जिम्मेदारी भी तय की जाए. कुछ यूजर्स ने यह भी आरोप लगाया कि निजी सुरक्षा कर्मी खुद को कानून से ऊपर समझने लगे हैं, जो आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए बेहद चिंताजनक है. मामले की गंभीरता को देखते हुए नोएडा पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया. पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू की और दोनों पक्षों के कुल सात लोगों को हिरासत में लिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शांति भंग, मारपीट और अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है.
इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है की घटना में शामिल बाउंसर किस एजेंसी के माध्यम से नियुक्त किए गए थे. यह भी पता लगाया जा रहा है कि बाउंसरों के पास आवश्यक लाइसेंस, पहचान पत्र और प्रशिक्षण था या नहीं। यदि नियुक्ति प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित सुरक्षा एजेंसी और मॉल प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है.
गार्डन गैलेरिया मॉल की यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि सार्वजनिक स्थानों पर तैनात निजी सुरक्षा कर्मियों की जवाबदेही तय करना कितना जरूरी है. मॉल जैसे स्थान, जहां लोग मनोरंजन और सुरक्षा की उम्मीद लेकर जाते हैं, वहां इस तरह की हिंसा न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है बल्कि आम जनता के भरोसे को भी चोट पहुंचाती है. अब देखना होगा कि पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई इस मामले में कितनी सख्ती दिखाती है और क्या भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सकेगा.
खुशी डैंग, प्रोड्यूसर