डेली24भारत डेस्क: मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर और चिंताजनक स्थिति सामने आई है। गुरुगुग्राम पुलिस की सीएडब्ल्यू (महिलाओं के खिलाफ अपराध) शाखा द्वारा तैयार की गई सर्वे रिपोर्ट में शहर की 12 प्रमुख सड़कों को महिलाओं के लिए असुरक्षित घोषित किया गया है। रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि इन सड़कों पर या तो स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था ही नहीं है या फिर लंबे समय से लाइटें खराब पड़ी हैं। इसके अलावा, अधिकांश स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो सकते हैं।
सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, द्वारका एक्सप्रेसवे लिंक रोड पर श्री बीकानेर मिष्ठान से लेकर सूरज फास्ट फूड तक एक भी स्ट्रीट लाइट मौजूद नहीं है। इसी तरह दिल्ली–जयपुर हाईवे पर पचगांव पुलिस चौकी से संदीप लॉजिस्टिक तक न तो स्ट्रीट लाइट हैं और न ही सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था है।
निकासी नंबर आठ से शाहिद चाट भंडार तक भी पर्याप्त रोशनी का अभाव है। वहीं गुरुगुग्राम–फरीदाबाद रोड पर सनसेट प्वाइंट से वन अरावली हिल्स तक अधिकांश स्ट्रीट लाइटें खराब हालत में हैं, जिससे रात के समय यह इलाका बेहद सुनसान और डरावना हो जाता है।
इसके अलावा फर्रुखनगर–झज्जर रोड पर पीएनसी इंफ्राटेक से ट्रंफ हुंडई शोरूम तक तथा गुरुगुग्राम–फर्रुखनगर रोड पर सुल्तानपुर रेलवे फाटक से ओम रसोई तक स्ट्रीट लाइट की कोई व्यवस्था नहीं है। सत्या मॉल से बसई पुलिस चौकी बूथ तक भी ज्यादातर स्ट्रीट लाइट खराब हैं, केवल चार-पांच लाइटें ही काम कर रही हैं।
आईएमटी मानेसर के सेक्टर-7 और सेक्टर-8 में लेबर चौक से बास चौक तक सड़क किनारे खंभे तो लगे हैं, लेकिन उन पर स्ट्रीट लाइटें ही नहीं हैं। दोनों सेक्टरों को जोड़ने वाली सड़क पर भी लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे यहां काम करने वाली महिला श्रमिकों को खासा डर बना रहता है।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की पहल
गुरुगुग्राम पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए दुर्गा शक्ति ऐप और डायल 112 जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। महिलाएं और युवतियां अपने मोबाइल फोन में दुर्गा शक्ति ऐप डाउनलोड कर सकती हैं। किसी भी आपात स्थिति में ऐप के माध्यम से पुलिस से तुरंत मदद मांगी जा सकती है। सूचना मिलते ही महिला पुलिस मौके पर पहुंचती है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1091 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
गुरुगुग्राम पुलिस द्वारा कंपनियों, फैक्ट्रियों और स्कूलों में महिलाओं को जागरूक करने के लिए समय-समय पर कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
पुलिस अधिकारियों का बयान
गुरुगुग्राम के यातायात पुलिस उपायुक्त डॉ. राजेश मोहन ने बताया कि सीएडब्ल्यू शाखा की सर्वे रिपोर्ट में कुछ सड़कों को महिलाओं के लिए असुरक्षित पाया गया है। इन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरों की भारी कमी है। संबंधित विभागों को यह रिपोर्ट भेज दी गई है और जल्द से जल्द आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
भावना सिंह, प्रोड्यूसर