साहिल धुलिया/डेली 24 भारत: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच साउथ कोरिया के बुसान में एयरपोर्ट पर हुई बैठक में ट्रेड डील पूरी हो गई है. हालांकि अभी इस पर दस्तखत होना बाकी है. ट्रम्प ने ये जानकारी साउथ कोरिया से अमेरिका जाते वक्त प्लेन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी. उन्होंने ये भी बताया कि चीन पर 10% टैरिफ कम कर दिया गया है. बदले में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अमेरिका से बड़ी मात्रा में सोयाबीन खरीदने पर तैयार हुए हैं.
ट्रम्प ने कहा- मैंने चीन पर फेंटेनाइल के कारण 20% का टैरिफ लगाया था, जो काफी ज्यादा था. लेकिन मैंने इसे अब 10% कम कर दिया है. ये तुरंत लागू होगा. दोनों के बीच गुरुवार को साउथ कोरिया के बुसान में 100 मिनट तक बैठक चली. बिजी शेड्यूल होने की वजह से ये मुलाकात बुसान एयरपोर्ट पर हुई. दोनों नेताओं के बीच करीब 6 साल बाद ये मुलाकात हुई है. मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और आपसी हित के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया. इस मुलाकात के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच एक ‘अच्छा रिलेशन’ है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की तारीफ करते हुए कहा, ‘शी एक कठिन वार्ताकार हैं.’ ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि ये मीटिंग ‘बहुत सफल होगी.’ उन्होंने कहा कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग मिलकर फिर से अच्छा लगा.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने घोषणा की कि चीन से आने वाले सामान पर लगने वाला कुल औसत टैरिफ 57% से घटाकर 47% कर दिया गया है. अमेरिका ने अब तक चीन पर कई बार टैरिफ लगाए हैं. इनमें ट्रम्प के पिछले कार्यकाल में स्टील पर लगा 19% टैरिफ, अप्रैल 2025 में 10% बेसलाइन टैरिफ, फेंटेनाइल की वजह से लगा 20% टैरिफ और अन्य टैरिफ भी शामिल है. इससे औसतन चीन पर 55% टैरिफ लग रहा था. जो अगस्त 2025 में औसतन 57% तक पहुंच गया था. हालांकि अब औसतन 47% टैरिफ लगेगा.
वहीं चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा है कि चीन की आर्थिक वृद्धि से चीन और अमेरिका के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए नई संभावनाएं पैदा होंगी. जिनपिंग ने कहा, हमने कभी किसी देश को चुनौती देने या उसकी जगह लेने की कोशिश नहीं की. हमने हमेशा अपना काम बेहतर करने और दुनिया के देशों के साथ विकास के अवसर साझा करने पर ध्यान दिया है. यही चीन की सफलता की कुंजी रही है. उन्होंने कहा कि चीन और अमेरिका को क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सकारात्मक बातचीत जारी रखनी चाहिए और मिलकर ऐसे कदम उठाने चाहिए जो दोनों देशों और पूरी दुनिया के लिए फायदेमंद हों. जिनपिंग ने ये भी कहा कि अगले साल जब चीन APEC बैठक की और अमेरिका G20 सम्मेलन की मेजबानी करेगा, तब दोनों देशों को एक-दूसरे का समर्थन करना चाहिए और मिलकर काम करना चाहिए.
वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान संभावना जताई कि आज ही ट्रेड डील पर हस्ताक्षर हो सकते हैं. ट्रंप ने कहा, “आज ट्रेड डील पर हस्ताक्षर हो सकता है.” ये बयान दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों के लिए महत्वपूर्ण है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, शी जिनपिंग ने ट्रंप से कहा, “हम हमेशा एक-दूसरे से सहमत नहीं रहे हैं और ये नॉर्मल है. बड़ी आर्थिक शक्तियों के बीच टकराव होना नॉर्मल है. चीन और अमेरिका को पार्टनर और दोस्त होना चाहिए.” उन्होंने कहा कि ट्रेड टीमों के बीच एक बेसिक सहमति बन गई है और वो दोनों देशों के बीच संबंधों के लिए एक मजबूत नींव बनाने के लिए ट्रंप के साथ काम जारी रखने के लिए तैयार हैं.