Daily 24 भारत डेस्क: देव उठनी एकादशी पर खाटू श्याम के दर्शन के लिए बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए उत्तरी रेलवे ने कुछ विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है। ये ट्रेनें रोहतक स्टेशन पर 2 मिनट के लिए रुकेंगी ताकि स्थानीय यात्रियों को भी सुविधा मिल सके।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 09711/09712 कैथल–फुलेरा–कैथल अनारक्षित स्पेशल 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक कैथल से और 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक फुलेरा से चलाई जाएगी। यह ट्रेन कुल 4 फेरे लगाएगी। इसमें 18 कोच होंगे — 16 जनरल डिब्बे और 2 लगेज ब्रेक वैन। यह ट्रेन झज्जर, जींद, रेवाड़ी, नारनौल, रोहतक, रिंगस और फुलेरा स्टेशनों पर रुकेगी। इसके अलावा, ट्रेन संख्या 09713/09714 फुलेरा–सराय रोहिल्ला–फुलेरा स्पेशल भी 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक रोज चलेगी। यह ट्रेन रेवाड़ी, गुड़गांव और दिल्ली कैंट स्टेशनों पर ठहरेगी।
गाड़ी संख्या 09711, कुरुक्षेत्र से फुलेरा के बीच 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चलेगी। यह कुरुक्षेत्र से रात 11:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:30 बजे फुलेरा पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 09712 फुलेरा से कुरुक्षेत्र के बीच 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक चलेगी। यह सुबह 9:50 बजे फुलेरा से रवाना होकर रात 8:00 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। यात्रा के दौरान यह ट्रेन कैथल, अस्थल बोहर, झज्जर, नरवाना, जींद, रोहतक, रेवाड़ी, अटेली, नारनौल, नीमकाथाना, कावट, श्रीमाधोपुर, डाबला, कुंड, रींगस और रेनवाल स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में साधारण श्रेणी के कुल 18 डिब्बे होंगे।