Daily 24 भारत डेस्क: आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का नाम हर क्रिकेट फैन की जुबान पर है. महज 15 साल की उम्र में यह युवा बल्लेबाज अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और आत्मविश्वास से सबको प्रभावित कर रहा है। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव ने शुरुआत से ही अपने प्रदर्शन से अलग पहचान बनाई है।
जितेश शर्मा से मजेदार बातचीत वायरल
गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास के दौरान एक मजेदार वाकया सामने आया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ी जितेश शर्मा ने वैभव से उनका बैट मांगा। पहले तो जितेश ने बैट लेकर मजाक में ‘थैंक यू’ कहा, लेकिन वैभव ने तुरंत बैट वापस लेते हुए कहा, “ओ भाई दे दो, बाद में बात करेंगे।” इसके बाद दोनों के बीच हंसी-मजाक का सिलसिला चलता रहा। वैभव ने साफ कर दिया कि वह आईपीएल खत्म होने के बाद ही बैट देंगे। उन्होंने मजाक में यह भी कहा कि आरसीबी में इतने बल्लेबाज हैं, फिर भी उनसे बैट क्यों मांगा जा रहा है।
बैट देने से साफ इनकार, लेकिन वादा बरकरार
वैभव सूर्यवंशी ने जितेश शर्मा से कहा, “मैंने कहा था कि आईपीएल के बाद दे दूंगा, फिर भी आपको अभी चाहिए।” इस पर दोनों के बीच हल्की-फुल्की बातचीत हुई और अंत में वैभव ने हंसते हुए कहा, “चांस ही नहीं है, अभी कुछ नहीं दूंगा।” यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
डेब्यू सीजन से ही रिकॉर्ड्स की बरसात
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले सीजन में ही आईपीएल डेब्यू करते हुए इतिहास रच दिया था। उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में शतक लगाकर सबसे तेज शतक बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस सीजन में भी उनका बल्ला जमकर बोल रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 52 रन, गुजरात टाइटंस के खिलाफ 31 रन और मुंबई इंडियंस के खिलाफ 39 रनों की शानदार पारियां उन्होंने खेलीं। खास बात यह रही कि जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर उन्होंने छक्का जड़ दिया।
आज होगा RR vs RCB का मुकाबला
आज राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। फैंस को उम्मीद है कि वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर अपने बल्ले से धमाल मचाएंगे और मैच को यादगार बना देंगे।