Daily 24 भारत डेस्क: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां देर रात तीन सगी नाबालिग बहनों ने 9वीं मंज़िल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. शुरुआती जानकारी में मोबाइल और ऑनलाइन गेम की लत की बात सामने आ रही है, हालांकि सुसाइड की असली वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसायटी रात करीब 2 बजे बी-1 टावर के फ्लैट नंबर 907 से तीन सगी बहनों ने 9वीं मंज़िल से छलांग लगा दी. तेज़ आवाज़ सुनकर जब आसपास के लोग बाहर निकले, तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी. मरने वाली बहनों की पहचान 16 साल की निशिका, 14 साल की प्राची और 12 साल की पाखी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तीनों बहनें हर काम एक साथ करती थीं—चाहे नहाना हो, खाना हो, स्कूल जाना हो या सोना. तीनों हमेशा एक-दूसरे के साथ ही रहती थीं.
गाजियाबाद: तीन बहनों की मौत से जुड़ी बड़ी अपडेट। पुलिस ने एक सुसाइड नोट किया बरामद। नोट में माता-पिता से माफी का ज़िक्र। गेमिंग ऐप की लत का संकेत सामने आया। परिवार द्वारा डांट की आशंका जताई जा रही। भारत सिटी सोसाइटी का मामला। @ghaziabadpolice #Ghaziabad #Suicide pic.twitter.com/jhkqa3n9te
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) February 4, 2026
परिजनों का कहना है कि कोरोना काल के दौरान तीनों बेटियों को मोबाइल फोन और ऑनलाइन गेम खेलने की लत लग गई थी. वे ऑनलाइन टास्क बेस्ड कोरियन लवर गेम खेला करती थीं.हालांकि परिजन और पुलिस दोनों ही इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि आखिर तीनों ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया.पिता चेतन कुमार का कहना है कि बेटियां टारगेट बेस्ड गेम खेलती थीं, लेकिन उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यह लत इतना बड़ा रूप ले लेगी. पुलिस के मुताबिक, तीनों बहनों का स्कूल जाना भी नियमित नहीं था. घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.परिवार सदमे में है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच, डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.