डेली24 भारत डेस्क: उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ा एक नामी परिवार एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह सियासत नहीं बल्कि निजी रिश्तों में आया बड़ा तूफान है. समाजवादी पार्टी के संस्थापक रहे मुलायम सिंह यादव के परिवार में एक नया संग्राम छिड़ता नजर आ रहा है. उनके बेटे प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी और बीजेपी नेता अपर्णा यादव से तलाक लेने का ऐलान कर दिया है. सोशल मीडिया पर किए गए एक भावुक और आरोपों से भरे पोस्ट ने न सिर्फ पारिवारिक विवाद को सार्वजनिक कर दिया है, बल्कि इसे राजनीतिक रंग भी दे दिया है.
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव और उनकी पत्नी अपर्णा यादव के रिश्ते में आई दरार अब खुलकर सामने आ चुकी है. प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए अपनी पत्नी से तलाक लेने की इच्छा जाहिर की है. इस पोस्ट में उन्होंने अपर्णा यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि वह जल्द से जल्द इस रिश्ते को खत्म करना चाहते हैं.
अपर्णा यादव को क्यों तलाक दे रहे प्रतीक यादव, जानें वजह@samajwadiparty @aparnabisht7 #AparnaYadav #PrateekYadav #Divorce
Anchor – @journalistMahis pic.twitter.com/sOvPc6QW3m
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) January 20, 2026
प्रतीक यादव ने अपने पोस्ट में दावा किया है कि वह इस समय बेहद खराब मानसिक स्थिति से गुजर रहे हैं, लेकिन उनकी पत्नी को उनकी हालत की कोई परवाह नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि अपर्णा यादव सिर्फ अपने बारे में सोचती हैं और उन्होंने कभी उनके हालात को समझने या सहारा देने की कोशिश नहीं की. प्रतीक ने यहां तक लिखा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में इतनी “स्वार्थी सोच” पहले कभी नहीं देखी और उन्हें इस शादी पर गहरा अफसोस है.
अपने पोस्ट में प्रतीक यादव ने यह भी आरोप लगाया कि अपर्णा यादव केवल अपनी प्रसिद्धि और राजनीतिक प्रभाव बढ़ाने में लगी रहती हैं, जिसकी वजह से परिवार के रिश्ते बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि उनके कारण पारिवारिक संबंध खराब हुए और निजी मतभेद इतने बढ़ गए कि अब साथ रहना संभव नहीं रहा। पोस्ट में इस्तेमाल की गई कड़ी भाषा ने सभी को चौंका दिया, जिसमें उन्होंने अपर्णा को “बुरी आत्मा” तक कह दिया।
इस सोशल मीडिया पोस्ट के सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिससे बात तलाक तक पहुंच गई. हालांकि, अभी तक अपर्णा यादव की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि तलाक को लेकर कोई कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है या नहीं, या यह फिलहाल केवल सार्वजनिक घोषणा तक ही सीमित है. गौरतलब है कि प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की शादी साल 2019 में हुई थी. अपर्णा यादव उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक जाना-पहचाना चेहरा हैं और वह भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने बीजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ा है और सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं. वहीं प्रतीक यादव, यादव परिवार के सदस्य होने के बावजूद अपेक्षाकृत कम सार्वजनिक जीवन में नजर आते रहे हैं.
यह विवाद इसलिए भी ज्यादा चर्चा में है क्योंकि यह केवल एक पति-पत्नी का निजी मामला नहीं रह गया है, बल्कि इसमें राजनीतिक पृष्ठभूमि भी जुड़ी हुई है. एक ओर समाजवादी पार्टी से जुड़ा यादव परिवार है, तो दूसरी ओर बीजेपी से संबंध रखने वाली अपर्णा यादव. इससे पहले भी दोनों के बीच मतभेद की खबरें सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार प्रतीक यादव ने खुलकर तलाक की बात कहकर सबको चौंका दिया है. फिलहाल सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
कुछ लोग इसे निजी मामला बताकर संयम बरतने की सलाह दे रहे हैं, तो कुछ इसे यादव परिवार की आंतरिक कलह और राजनीतिक टकराव से जोड़कर देख रहे हैं. अपर्णा यादव की प्रतिक्रिया का अब सभी को इंतजार है, जिससे इस पूरे विवाद की दूसरी तस्वीर सामने आ सके. तो साफ है कि यादव परिवार से जुड़ा यह मामला अब निजी दायरे से निकलकर सार्वजनिक और राजनीतिक बहस का विषय बन चुका है. प्रतीक यादव ने तलाक का मन बना लिया है, लेकिन आगे की कानूनी प्रक्रिया और अपर्णा यादव की प्रतिक्रिया क्या होगी, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं.
खुशी डैंग, प्रोड्यूसर