Daily 24 भारत डेस्क: भारतीय रेलवे ने नए साल से पहले यात्रियों को बड़ी सौगात दी है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी से कोलकाता के बीच चलाई जाएगी. यह ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी और यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव देगी.
रेल मंत्री के मुताबिक, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जनवरी के मध्य में शुरू होने की उम्मीद है. संभावित तारीख 17 या 18 जनवरी बताई जा रही है. इस ट्रेन के शुरू होने से पूर्वोत्तर भारत के यात्रियों को कोलकाता आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी. गुवाहाटी से कोलकाता की लगभग 1000 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन कम समय में तय करेगी, जिससे रात में आराम से सफर संभव होगा.रेल मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि अगले छह महीनों में 8 और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें शुरू की जाएंगी, जबकि पूरे साल में कुल 12 ट्रेनें पटरी पर उतरेंगी. उन्होंने दावा किया कि आने वाले दो सालों में भारतीय रेलवे में वेटिंग लिस्ट की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी.
देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी से कोलकाता के बीच चलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।@narendramodi #VandeBharatSleeper #IndianRailways #HappyNewYear2026 pic.twitter.com/vQm7LBpmuT
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) January 1, 2026
- वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यात्रियों की सुविधा का खास ध्यान रखा गया है.
- ऊपर और मिडिल बर्थ पर चढ़ने के लिए आसान डिजाइन
- हर बर्थ पर चार्जिंग पॉइंट और रीडिंग लाइट
- ऑटोमैटिक दरवाजे, बायो-टॉयलेट और सीसीटीवी
- बेहतर लाइटिंग और ऑक्सीजन लेवल मेंटेन करने की व्यवस्था
- अत्याधुनिक और सुरक्षित ड्राइवर कैब
- 160 से 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार
- फायर सेफ्टी सिस्टम और क्रैश प्रूफ बॉडी
पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से बनी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन राजधानी और दुरंतो जैसी ट्रेनों से भी बेहतर मानी जा रही है. असम और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा. रेलवे के अनुसार, थर्ड एसी के ज्यादा कोच रखे जाएंगे ताकि आम यात्रियों को टिकट आसानी से मिल सके. जनवरी में इस ट्रेन की शुरुआत के साथ ही नए साल की शुरुआत यात्रियों के लिए यादगार होने वाली है.