Daily 24 भारत डेस्क: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को आज एक नया ऐतिहासिक और वैचारिक केंद्र मिला. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वसंत कुंज योजना में बने भव्य राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया. यह स्थल भारतीय राष्ट्रवाद के महान चिंतकों और नेताओं को समर्पित है. उद्घाटन समारोह में कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को लखनऊ स्थित वसंत कुंज योजना में निर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया. कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही प्रधानमंत्री ने बड़ी संख्या में मौजूद लोगों का अभिवादन किया. इसके बाद वंदे मातरम का सामूहिक गायन हुआ. प्रधानमंत्री मोदी ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और भाजपा व जनसंघ गलियारे का अवलोकन किया, जहां भारतीय जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक की वैचारिक यात्रा को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है. इसके बाद प्रधानमंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी गैलरी का भ्रमण किया. यहां उनके जीवन, विचारों और संघर्षों से जुड़े चित्रों और प्रतीकों को प्रदर्शित किया गया है.
लखनऊ: प्रधानमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं का अनावरण किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और पार्टी नेता रहे मौजूद।@narendramodi #Lucknow #AtalBihariVajpayeeJayanti #atalbiharivajpayeeji pic.twitter.com/wGxvN1BAwD
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) December 25, 2025
राष्ट्र प्रेरणा स्थल भारतीय राष्ट्रवाद की त्रयी-डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीन दयाल उपाध्याय और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का एक अनूठा प्रयास है. वसंत कुंज में विकसित इस राष्ट्र प्रेरणा स्थल को कमल की आकृति में तैयार किया गया है. परिसर में तीनों महापुरुषों की 65 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिन्हें प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार और मंटू राम आर्ट क्रिएशंस ने तैयार किया है. आधुनिक फेसेड लाइटिंग और प्रोजेक्शन मैपिंग से इन प्रतिमाओं को आकर्षक स्वरूप दिया गया है.
परिसर में राष्ट्र नायकों को समर्पित एक संग्रहालय भी बनाया गया है, जहां इंटरप्रिटेशन वॉल पर स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को म्यूरल आर्ट के माध्यम से दर्शाया गया है. संग्रहालय के प्रांगण में भारत माता की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है. इसके साथ ही राष्ट्र प्रेरणा स्थल में 3,000 दर्शकों की क्षमता वाला एम्फीथिएटर, लगभग 2 लाख लोगों की क्षमता वाला विशाल रैली स्थल, योग केंद्र, ध्यान केंद्र, विपश्यना केंद्र, सिंथेटिक ट्रैक, हेलीपैड और कैफेटेरिया जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मौजूद हैं.