Daily 24 भारत डेस्क: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन अगले साल फरवरी में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा. इस मेगा टूर्नामेंट को लेकर टीम इंडिया के फैंस के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने प्रेस रिलीज जारी कर टीम इंडिया की घोषणा की तारीख और समय की जानकारी दे दी है.
BCCI के मुताबिक, टी20 वर्ल्ड कप 2026 और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली घरेलू व्हाइट बॉल सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान 20 दिसंबर 2025 को किया जाएगा. चयनित खिलाड़ियों के नाम दोपहर 1:30 बजे घोषित किए जाएंगे. टीम की घोषणा के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे.टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च तक किया जाएगा. यह टूर्नामेंट पूरे एक महीने तक चलेगा. भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले इस आईसीसी इवेंट में भारतीय टीम को प्रबल दावेदार माना जा रहा है.
गौरतलब है कि टीम इंडिया डिफेंडिंग चैंपियन है. साल 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया था. टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू व्हाइट बॉल सीरीज खेलेगी. न्यूजीलैंड की टीम जनवरी 2026 में भारत दौरे पर आएगी. इस सीरीज में कुल 8 मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें 3 वनडे और 5 टी20 इंटरनेशनल मैच शामिल हैं.
भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का पूरा शेड्यूल
वनडे सीरीज के तीनों मुकाबले पहले खेले जाएंगे:
पहला वनडे: 11 जनवरी – वडोदरा
दूसरा वनडे: 14 जनवरी – राजकोट
तीसरा वनडे: 18 जनवरी – इंदौर
5 मैचों की टी20 सीरीज का कार्यक्रम
वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमें 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलेंगी:
- पहला टी20: 21 जनवरी – नागपुर
- दूसरा टी20: 23 जनवरी – रायपुर
- तीसरा टी20: 25 जनवरी – गुवाहाटी
- चौथा टी20: 28 जनवरी – विशाखापट्टनम
- पांचवां टी20: 31 जनवरी – तिरुवनंतपुरम
टी20 वर्ल्ड कप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सीरीज भारतीय टीम के लिए तैयारियों का अहम मौका मानी जा रही है. अब सभी की नजरें 20 दिसंबर को होने वाले टीम इंडिया के ऐलान पर टिकी होंगी.