Daily 24 भारत डेस्क: आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शनिवार का दिन लोगों के लिए मुसीबत बनकर आया. एकादशी के अवसर पर भगदड़ मच गई, जिसकी चपेट में आने से 10 लोगों की मौत हो गई. कई लोग घायल भी हुए जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना के परेशान करने वाले वीडियो सामने आए हैं, जिनमें संकरी गलियारे की रेलिंग पर फंसे लोग भागने की कोशिश करते दिख रहे हैं.
भीड़ भाड़ वाले इलाके में कब क्या हो जाए ये कह पाना मुश्किल है, वायरल वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में कई महिलाएं पूजा की टोकरी लिए चीखते-चिल्लाते मदद मांगती नजर आ रही हैं. एक अन्य फुटेज में घायलों को एम्बुलेंस से ले जाते देखा जा सकता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगदड़ पर दुख जताते हुए कहा कि वे इस घटना से व्यथित हैं. उन्होंने अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति गहरी संवेदना जाहिर की.
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान में पीएम मोदी के हवाले से कहा गया, ‘मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द ठीक हो जाएं.’ इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि पीएमएनआरएफ से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की सहायता राशि और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे.
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए इस घटना पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा, ‘श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में मची भगदड़ ने मुझे व्यथित कर दिया है. यह बहुत दुखद है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई. मैं पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं.’ सीएम नायडू ने यह भी कहा कि उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और भगदड़ स्थल पर राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए.