Daily 24 भारत डेस्क: राजस्थान के अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के खेड़ली बहादुर गांव में लगे मेले में गुरुवार रात मोमोज खाने के दौरान युवाओं के बीच विवाद खूनी झड़प में बदल गया. बताया जा रहा है कि दो गुटों के बीच झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे वकार नाम के युवक के सीने में किसी ने बर्फ तोड़ने वाला सूआ घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मृतक वकार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजीव गांधी सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. वकार जालूकी स्थित कॉलेज में ग्रेजुएशन सेकंड ईयर का छात्र था और अपने दोस्तों के साथ मेला देखने गया था.
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया. वकार की मौत से आक्रोशित मेव समाज के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल परिसर में एकत्र होकर धरने पर बैठ गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. मेव समाज के नेताओं का कहना है कि यह सिर्फ हत्या नहीं, बल्कि मोब लिंचिंग का मामला है, क्योंकि वकार मेव समाज से ताल्लुक रखता था .उन्होंने बताया कि खेड़ली बहादुर गांव में इससे पहले भी कई बार मेव समाज के लोगों से मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है. क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं समाज के लोग आरोपियों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.