Daily 24 भारत डेस्क: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देशवासियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जैसे दीपावली और छठ पर्व के दौरान लोगों को घर पहुंचाने के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई, उसी तरह वापसी के सफर में भी रेलवे की टीम पूरी तत्परता से काम करेगी।
वापसी यात्रा की तैयारी पूरी
उन्होंने बताया कि रेलवे ने छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए बिहार और पूर्वांचल के करीब 30 प्रमुख स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए हैं। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए अलग होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, ताकि भीड़ के बीच यात्रियों को आराम और सुरक्षित प्रवेश मिल सके। रेल मंत्री ने बताया कि रेलवे कर्मचारी पूरी तरह सतर्क हैं और उत्तर तथा पूर्वी भारत में विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, ताकि पर्व के बाद लोग अपने कार्यस्थलों पर आसानी से लौट सकें।
अब तक 12,700 विशेष ट्रेनें चलाई जा चुकी हैं और लगभग 1.6 करोड़ यात्री रेल यात्रा कर चुके हैं। वैष्णव ने कहा कि वापसी यात्रा के लिए भी सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं और रेलवे कर्मी पूरी मुस्तैदी से काम कर रहे हैं।