एंटरटेनमेंट डेस्क: 1987 में निर्देशक शेखर कपूर और निर्माता बोनी कपूर की फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ रिलीज हुई थी। यह फिल्म सुपरहिट रही थी। इसमें अनिल कपूर और श्रीदेवी ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं, जबकि अमरीश पुरी ने खलनायक मोगैंबो का किरदार निभाया था। उनकी दमदार एक्टिंग और डायलॉग “मोगैंबो खुश हुआ” आज भी लोगों को याद है।
आज हम आपको मोगैंबो के कॉस्ट्यूम से जुड़ी एक दिलचस्प बात बता रहे हैं। इस खास पोशाक को तैयार करने में पूरा एक हफ्ता लगा था और इसे डिजाइन करने वाले कॉस्ट्यूम डिजाइनर ने इसके लिए अच्छी-खासी फीस ली थी।
मोगैंबो का लुक कैसे बना?
फिल्म मिस्टर इंडिया के विलेन मोगैंबो का लुक मशहूर डिजाइनर माधव अगस्ती ने तैयार किया था। उन्होंने अपनी किताब “स्टिचिंग स्टारडम: फॉर आइकॉन्स, ऑन एंड ऑफस्क्रीन्स” में इसके बारे में विस्तार से लिखा है।
अगस्ती बताते हैं कि एक दिन निर्देशक शेखर कपूर और निर्माता बोनी कपूर उनकी दुकान पर आए। उन्होंने कहा कि उन्हें एक ऐसे विलेन का कॉस्ट्यूम चाहिए, जिसमें विदेशी तानाशाह की झलक हो, लेकिन साथ ही उसमें भारतीय जमींदार जैसा अंदाज़ भी नजर आए।
इसके लिए टीम ने विदेशी अखबारों, मैगज़ीन और फिल्म इतिहास से जुड़ी किताबों पर गहराई से रिसर्च की। कई जगहों से तस्वीरें और कटिंग्स इकट्ठी की गईं। उसके बाद मोगैंबो के कॉस्ट्यूम का डिजाइन तय किया गया। इसमें काले रंग का कोट, जिस पर गोल्डन मोनोग्राम प्रिंट था, साथ में फ्रिल वाली लंबी शर्ट और लॉन्ग बूट जैसे जूते शामिल किए गए। इस तरह अमरीश पुरी का मोगैंबो लुक तैयार हुआ।
इस कॉस्ट्यूम को तैयार करने में पूरा एक हफ्ता यानी 7 दिन लगे। इसके लिए डिजाइनर ने 25 हजार रुपये फीस ली थी। लेकिन जब बोनी कपूर ने उनका काम देखा तो वे बहुत खुश हुए और इनाम के तौर पर 10 हजार रुपये extra दिए। इस तरह मोगैंबो की वेशभूषा बनाने के लिए उन्हें कुल 35 हजार रुपये मिले।
अमरीश पुरी का रिएक्शन
अपनी किताब में माधव अगस्ती ने बताया कि जब अमरीश पुरी ने पहली बार मोगैंबो का कॉस्ट्यूम देखा, तो उनका रिएक्शन बेहद खास था। लुक टेस्ट के दौरान जब उन्हें यह पोशाक पहनाई गई, तो वे उसमें बहुत शानदार लग रहे थे। कॉस्ट्यूम पहनते ही उनके मुंह से अपने आप निकल गया — “मोगैंबो खुश हुआ!”