उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश राज्य विधानमंडल का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है. राज्य सरकार उत्तर प्रदेश के विकास से जुड़ी योजनाओं व कार्यक्रमों को रफ्तार देने के मकसद से अनुपूरक बजट भी सदन के पटल पर पेश करेगी. इसके अलावा सदन में जनहित से जुड़े मुद्दे जैसे सूखा-बाढ़, बिजली, कानून व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर मुख्य विपक्षी पार्टी सपा औऱ अन्य दलों की तरफ से हंगामा किए जाने के आसार हैं.

विपक्षी दलों की तरफ से सरकार से सड़क से लेकर सदन तक सवाल पूछे जाएंगे. कुल मिलाकर मानसून सत्र में विपक्ष का पूरा रुख आक्रामक रहने की पूरी संभावना है. मानसून सत्र के दौरान जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा हो और विधेयक आदि पारित हो सके उसको लेकर एक दिन पहले कार्य मंत्रणा समिति की बैठक से लेकर सर्वदलीय बैठक हुई.

इसमें सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित किए जाने की अपील सभी दलों से की गई. विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में हुई सर्वाधिक बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सार्थक चर्चा और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने की अपील की गई. कहा गया कि अपनी बात संयमित तरीके से उठाएं. सदन की गरिमा को बनाए रखें.

समाजवादी पार्टी की तरफ से नेता प्रतिपक्ष बनाए गए माता प्रसाद पांडे ने सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष द्वारा भी उठाए गए मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुनने और उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनहित से जुड़े विषयों को सदन के कार्यवाही के दौरान उठाएगी, और सरकार से जवाब मांगेगी.