मथुरा: यूपी के मथुरा में कुछ दिनों से व्यास पीठ पर बैठकर कथा करने वाले संत या कथा वाचक ऐसे बयान दे रहे हैं जो विवाद का कारण बन रहे हैं. वृंदावन के परिक्रमा मार्ग के श्री राधा किशोरी धाम में रहने वाले संत महामंडलेश्वर इंद्रदेव महाराज ने एक ऐसा बयान रामलीला में माता सीता और भगवान राम का किरदार निभाने वाले लोगों को लेकर दिया है जिसके बाद उनकी चौतरफा आलोचना हो रही है.
इंद्रदेव महाराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें उनके द्वारा कहा गया है कि रामलीला करने वाले जो पात्र हैं, वह मंच के पीछे सिगरेट शराब आदि का सेवन करते हैं. उन्होंने आगे कहा कि माता सीता के पात्र के ब्लाउज से संतरे निकलते हैं.

माता सीता का किरदार निभाने वाले कलाकारों को लेकर दिए गए इस बयान के बाद से लोगों में काफी गुस्सा है. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. संत समाज और बृजवासी काफी आक्रोश में हैं.इस वीडियो के वायरल होने के बाद इंद्रदेव महाराज का जवाब सामने आया जिसमें उन्होंने अपने बयान के लिए माफी मांगी.

इंद्रदेव महाराज ने बताया कि उन्होंने ये बयान जरूर दिया लेकिन उनकी जो भावना थी वह सबसे अलग थी. महाराज ने कहा कि मेरा कहने का अर्थ किसी भी भगवान या किसी भी व्यक्ति की आस्था को ठेस पहुंचाना नहीं था. जो मैंने देखा था वह अपने बचपन में देखा था और वही मैं व्यास पीठ से लोगों को बता रहा था. यदि लोगों को मेरी बात से कठिनाई हुई है या बात बुरी लगी है तो मैं उनसे क्षमा चाहता हूं.