उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बीजेपी कोटे के मंत्रियों की बैठक बुलाई है. बैठक का मुख्य एजेंडा प्रदेश की 10 सीटों पर होने वाले उपचुनाव हैं. लिहाजा सहयोगी दलों को मंत्री अशीष पटेल और संजय निषाद को भी इस बैठक में बुलाया गया है.

दरअसल बीजेपी ने सभी 10 सीटों के लिए जिन 16 मंत्रियों को जिम्मेदारी दी है, उनमें आशीष पटेल और संजय निषाद शामिल हैं. यूपी में लोकसभा चुनाव के नतीजे बीजेपी की अपेक्षानुसार नहीं रहे वहीं इसी महीने 7 राज्यों की 13 सीटों पर उपचुनाव हुए, जिसके नतीजे भी बीजेपी की टेंशन बढ़ा रहे हैं.

ऐसे में बीजेपी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपचुनाव की तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते.उत्तर प्रदेश की जिन 10 सीटों पर उपचुनाव होना है उनमें से 5 सीट पर समाजवादी पार्टी का कब्जा था, बाकी की 5 सीटें BJP और उसके सहयोगी दलों के पास थीं. यानी मुकाबला बराबरी का होना चाहिए, लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद समीकरण बदल चुके हैं.

यूपी में बीजेपी की ना केवल सीटें घटीं बल्कि वोट शेयर भी गिरकर 41 फीसदी रह गया. यही नहीं इस बार के चुनाव में SC-ST और OBC वोटर भी बीजेपी से छिटका हुआ नज़र आया, जिसके बाद ये माना जा सकता है कि उपचुनाव बीजेपी के लिए आसान नहीं होने वाला है.