Daily 24 भारत डेस्क: UP में संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 1 से 30 अप्रैल तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा. इसके साथ ही 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान भी संचालित होगा. दोनों अभियानों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष ने बुधवार को तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया. इसके तहत पोस्टर प्रतियोगिताएं और रैलियां आयोजित की जाएंगी, ताकि बच्चों और आमजन में बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके. उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए संभावित बीमारियों से बचाव के लिए समय से प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही हीट वेव से बचाव के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा. भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर स्वच्छ और ठंडे पेयजल की व्यवस्था, शेल्टर की उपलब्धता तथा प्रमुख स्थानों पर तापमान और मौसम पूर्वानुमान का डिस्प्ले सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि दस्तक अभियान के दौरान चिन्हित लक्षणयुक्त व्यक्तियों की जांच की स्थिति यूनिफाइड डिजीज सर्विलेंस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए. आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर भ्रमण के दौरान प्रत्येक परिवार के सभी सदस्यों के आभा आई-कार्ड बनाकर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए.
उन्होंने पिछले वर्षों के आंकड़ों के आधार पर चिन्हित हाई रिस्क क्षेत्रों और अधिक मच्छर व लार्वा घनत्व वाले इलाकों की जानकारी संबंधित विभागों को देने को कहा. साथ ही रोगियों के निःशुल्क परिवहन के लिए एंबुलेंस सेवा हर हाल में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए.अमित कुमार घोष ने अभियान की सफलता के लिए सतत और प्रभावी मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया.