डेली24 भारत डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस समय अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं. पिछले कुछ वर्षों में उनके खेल से ज्यादा चर्चा इस बात की रही है कि वे अपनी आध्यात्मिक और धार्मिक गतिविधियों में कितना समय दे रहे हैं. ऐसे ही एक अवसर पर, विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले तीसरे और निर्णायक वनडे से पहले उज्जैन स्थित प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर का दौरा किया. उनके साथ टीम के स्पिनर कुलदीप यादव और फील्डिंग कोच टी दिलीप भी मौजूद रहे.
टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज 1-1 से बराबर चल रही है. ऐसे में 18 जनवरी को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाने वाला यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है. निर्णायक मुकाबले से पहले विराट कोहली और कुलदीप यादव ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और भस्म आरती में शामिल हुए.
माथे पर चंदन का लेप, महाकाल के दरबार पहुंचे विराट @imVkohli #ViratKohli #Mahakal #Ujjain pic.twitter.com/oNpmcPKYZd
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) January 17, 2026
मंदिर में विराट और कुलदीप की भक्ति
वीडियो में विराट कोहली और कुलदीप यादव मंदिर में आरती और पूजा करते हुए दिखाई दिए. मंदिर से बाहर निकलते समय दोनों क्रिकेटरों के चारों ओर पुजारियों और सुरक्षा अधिकारियों ने घेरा बना रखा था. एक रिपोर्टर द्वारा दिए गए अभिवादन पर विराट ने सहज भाव से ‘जय श्री महाकाल’ कहते हुए आशीर्वाद लिया.
कुलदीप यादव ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि महाकाल मंदिर आकर उन्हें बहुत शांति और सुकून मिला. उन्होंने मंदिर में बस यही प्रार्थना की कि क्रिकेट और जीवन में वे हमेशा अच्छा करें. दोनों क्रिकेटर सुबह लगभग 4 बजे मंदिर पहुंचे और भस्म आरती में शामिल हुए. इसके बाद वे करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठे और आरती का दर्शन किया. मंदिर में रहकर पुजारी ने विराट और कुलदीप के माथे पर चंदन का तिलक भी लगाया.
इससे पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल भी महाकालेश्वर मंदिर में आशीर्वाद लेने जा चुके हैं. विराट कोहली के लिए यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने इस पवित्र स्थल का दौरा किया हो. साल 2023 में भी वे अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ यहां पूजा कर चुके हैं.
विराट कोहली के रिकॉर्ड और वनडे में प्रदर्शन
विराट कोहली का क्रिकेट करियर हमेशा से ही रिकॉर्ड और उपलब्धियों से भरा रहा है. 11 जनवरी को वडोदरा में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मैच में उन्होंने 93 रन की शानदार पारी खेली. इस पारी के दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए. कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज 28,000 रन पूरे करने का कीर्तिमान स्थापित किया और सचिन तेंदुलकर का एक रिकॉर्ड तोड़ा. इसके साथ ही उन्होंने दिग्गज कुमार संगकारा को पीछे छोड़ते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए.
हालांकि राजकोट में खेले गए दूसरे मैच में विराट कोहली केवल 23 रन ही बना सके. फिर भी, उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने का सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड अपने नाम किया, जिससे उनकी बल्लेबाजी की महानता और काबिलियत फिर से साबित हो गई.
विराट कोहली का महाकालेश्वर मंदिर में आशीर्वाद लेना केवल उनकी आध्यात्मिक रुचि नहीं है, बल्कि यह उनके मानसिक संतुलन और खेल के प्रति गंभीर दृष्टिकोण को भी दर्शाता है. एक ऐसे खिलाड़ी के लिए जो लगातार अपने प्रदर्शन और रिकॉर्ड की वजह से सुर्खियों में रहता है, इस प्रकार की आध्यात्मिक शांति उन्हें निर्णायक मुकाबलों के लिए मानसिक रूप से तैयार करती है. 18 जनवरी को इंदौर में खेले जाने वाले निर्णायक वनडे में विराट और कुलदीप की भूमिका बेहद अहम होगी. ऐसे में उनका मंदिर दौरा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी प्रेरणादायक क्षण साबित हुआ है.
खुशी डैंग, प्रोड्यूसर