डेली24 भारत डेस्क: नए साल 2026 की शुरुआत LPG गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए मिली-जुली खबर लेकर आई है. 1 जनवरी 2026 से एलपीजी सिलेंडर के नए दाम लागू हो गए हैं. जहां एक ओर घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, वहीं दूसरी ओर कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है. खासतौर पर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और छोटे कारोबार से जुड़े लोगों को इस बढ़ोतरी से बड़ा झटका लगा है.
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों, विशेषकर इंडियन ऑयल की ओर से जारी नई दरों के अनुसार 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में दिल्ली से लेकर पटना तक ₹111 की सीधी बढ़ोतरी की गई है. इससे पहले दिसंबर 2025 में कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम अपेक्षाकृत कम थे, लेकिन नए साल के पहले ही दिन इसमें इजाफा कर दिया गया.
आज से कॉमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में 111 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।#LPGprice #HappyNewYear2026 #NewBeginnings pic.twitter.com/wGoZynGRVX
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) January 1, 2026
महानगरों में कॉमर्शियल सिलेंडर के नए रेट
प्रमुख शहरों की अगर बात करें तो राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाला कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब ₹1580.50 की जगह ₹1691.50 में मिलेगा. कोलकाता में इसकी कीमत ₹1684 से बढ़कर ₹1795 हो गई है, यानी यहां भी पूरे ₹111 की बढ़ोतरी दर्ज की गई. मुंबई में यह सिलेंडर अब ₹1531.50 की बजाय ₹1642.50 में मिलेगा, जबकि चेन्नई में इसकी नई कीमत ₹1849.50 तय की गई है. इन बढ़े हुए दामों का सीधा असर खानपान और सेवा क्षेत्र से जुड़े व्यवसायों की लागत पर पड़ेगा.
घरेलू LPG सिलेंडर के दाम स्थिर
हालांकि आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इंडियन ऑयल के ताजा आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में घरेलू सिलेंडर ₹853, मुंबई में ₹852.50 और लखनऊ में ₹890.50 में उपलब्ध है. पटना में इसकी कीमत ₹951 बनी हुई है. वहीं पहाड़ी और दूरदराज के इलाकों में कीमतें थोड़ी अधिक हैं, जैसे कारगिल में ₹985.50, पुलवामा में ₹969 और बागेश्वर में ₹890.50 प्रति सिलेंडर.
साल 2025 में क्या रहा ट्रेंड
पिछले साल यानी 2025 की बात करें तो तस्वीर थोड़ी अलग नजर आती है. बीते एक साल में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में कुल ₹50 की बढ़ोतरी हुई थी, जिससे घरेलू बजट पर दबाव बढ़ा. वहीं दूसरी ओर कॉमर्शियल सिलेंडर के दामों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹1818.50 से घटकर ₹1580.50 तक आ गई थी, जो व्यवसायियों के लिए बड़ी राहत साबित हुई थी.
शहरवार बदलाव और कारोबारियों को राहत
जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई जैसे बड़े महानगरों में 19 किलो वाले कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में औसतन ₹238 प्रति सिलेंडर की गिरावट दर्ज की गई. पूरे साल में कुल 10 बार कॉमर्शियल सिलेंडर सस्ता हुआ. सबसे बड़ी कटौती जुलाई महीने में ₹58.50 की हुई, जबकि सितंबर में ₹51.50 और अप्रैल में ₹41 से ज्यादा की कमी दर्ज की गई थी, हालांकि मार्च और अक्टूबर में मामूली बढ़ोतरी भी देखने को मिली थी.
कब कितना सस्ता हुआ
- जनवरी 2025 (₹14.50-16)
- फरवरी (₹4-7)
- अप्रैल (₹41-44.50)
- मई (₹14.50-17)
- जून (₹24-25.50)
- जुलाई (₹57-58.50)
- अगस्त (₹33.50-34.50)
- सितंबर (₹50.50-51.50)
- नवंबर (₹4.50-6.50)
- दिसंबर 2025 (₹10-10.50)
कुल मिलाकर नए साल 2026 की शुरुआत कॉमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए महंगाई की सौगात लेकर आई है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली हुई है. आने वाले महीनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार, कच्चे तेल की कीमतों और सरकारी नीतियों के आधार पर एलपीजी के दामों में आगे भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. ऐसे में उपभोक्ताओं और कारोबारियों दोनों की नजर अब आने वाले महीनों की मूल्य समीक्षा पर टिकी रहेगी.
खुशी डैंग, प्रोड्यूसर