महाराष्ट्र: देशभर में मानसून का असर देखने को मिल रहा है. दिल्ली से लेकर मुंबई तक झमाझम बारिश हो रही है. दिल्ली में हुई बारिश ने चिपचिपाती गर्मी से राहत दी. दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई है, जबकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश देखने को मिली है. कुछ ऐसा ही हाल महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई का हुआ है, जहां भारी बारिश से लोगों को राहत के साथ जलजमाव का सामना करना पड़ा है.

महाराष्ट्र के पुणे में भी बारिश से राहत तो मिली है, लेकिन इसकी वजह से शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया है. बारिश इतनी ज्यादा तेज रही है कि पुणे की लगभग 15 हाउसिंग सोसाइटी में बारिश का पानी घुस गया है. पुणे शहर की चार अलग-अलग जगहों पर 100 मिलीमीटर से भी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. पुणे शहर में प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टी जारी की है. पालघर में भी गुरुवार को स्कूल-कॉलेजों को बंद कर दिया गया है.

कर्नाटक में स्कूल-कॉलेजों को बारिश के चलते बंद किया गया है. तो वहीदिल्ली में सुबह हल्की बारिश देखने को मिली है, जिससे लोगों को ऊमस से राहत मिली. लाजपत नगर और ITO की ओर जा रहे लोगों को बारिश में भीगते हुए देखा गया. दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश हुई, जिसकी वजह से कई जगहों पर हल्का जलजमाव भी देखने को मिला है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 26 डिग्री रहने वाला है. मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.