Daily 24 भारत डेस्क: IPL 2026 में बुधवार को Gujarat Titans और Delhi Capitals के बीच एक बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें गुजरात ने महज 1 रन से जीत दर्ज की. Shubman Gill की कप्तानी में यह गुजरात की इस सीजन की पहली जीत रही, जिसने दिल्ली के लगातार जीत के सिलसिले पर भी ब्रेक लगा दिया. मैच आखिरी गेंद तक दर्शकों को बांधे रखने वाला रहा.
गुजरात की दमदार बल्लेबाजी
पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 210 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. कप्तान Shubman Gill ने 70 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि Jos Buttler (52) और Washington Sundar (55) ने भी अर्धशतक जड़कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. इन पारियों की बदौलत गुजरात ने दिल्ली के सामने 211 रनों का लक्ष्य रखा.
राहुल-निसांका की शानदार शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद शानदार रही. KL Rahul और Pathum Nissanka ने टीम को तेज शुरुआत दी. निसांका ने 41 रन बनाए, जबकि राहुल ने 92 रनों की बेहतरीन पारी खेली. हालांकि, बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से मैच का रुख बदलने लगा और गुजरात धीरे-धीरे मुकाबले में वापसी करने लगी.
गिल की गलती पर नेहरा का गुस्सा
मैच के 16वें ओवर में एक ऐसा पल आया जिसने सभी का ध्यान खींचा. Tristan Stubbs एक रन के लिए दौड़े, तभी Shubman Gill ने तेजी से गेंद उठाकर स्ट्राइकर एंड पर थ्रो किया. गेंद विकेट से टकराकर सीधे बाउंड्री के पार चली गई, जिससे दिल्ली को अतिरिक्त 4 रन मिल गए. इस गलती पर गुजरात के कोच Ashish Nehra काफी नाराज नजर आए और उनका गुस्सा कैमरे में कैद हो गया.
मिलर की एक गलती बनी हार की वजह
अंतिम ओवर में मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया था. David Miller ने 41 रनों की तेज पारी खेलते हुए दिल्ली को जीत के करीब ला दिया. तीसरी गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने मैच लगभग बराबरी पर ला दिया था, लेकिन पांचवीं गेंद पर एक रन लेने से मना कर दिया, जो टीम के लिए भारी साबित हुआ. आखिरी गेंद पर वह शॉट कनेक्ट नहीं कर सके और रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए.
आखिरी गेंद तक थ्रिल, गुजरात की जीत
आखिरी गेंद पर दिल्ली को जीत के लिए 2 रन चाहिए थे, लेकिन वह सिर्फ 1 रन ही बना सकी. इस तरह गुजरात टाइटंस ने 1 रन से रोमांचक जीत हासिल की. यह मुकाबला आईपीएल 2026 के सबसे यादगार मैचों में से एक बन गया, जहां हर पल ने दर्शकों की धड़कनें तेज कर दीं.