Daily 24 भारत डेस्क: उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भव्य उद्घाटन 28 मार्च को होने जा रहा है. अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस एयरपोर्ट की चमचमाती टर्मिनल बिल्डिंग में कदम रखते ही यात्रियों को ‘न्यू इंडिया’ की झलक दिखाई देगी.
टर्मिनल के अंदर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्टैंड लगाए गए हैं, जो इस एयरपोर्ट को केवल विमानन केंद्र ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश की मेहमाननवाजी और आधुनिकता का प्रतीक बनाते हैं. एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लंबी कतारों की समस्या को खत्म करने की कोशिश की गई है. A6 से A12 गेट के पास डिजिटल चेक-इन की सुविधा और पर्याप्त खुला स्पेस उपलब्ध कराया गया है. क्लास-आधारित व्यवस्था के जरिए यात्रियों को तेज़, स्मूद और आरामदायक अनुभव मिलेगा.
डोमेस्टिक लाउंज पूरी तरह तैयार है, जहां यात्रियों के लिए बड़े फूड ब्रांड्स की मौजूदगी उन्हें पसंदीदा खान-पान के विकल्प देगी. इसके अलावा एस्केलेटर और विशेष ‘बेबी केयर रूम’ जैसी सुविधाएं छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों के लिए राहत लेकर आई हैं. हाल ही में एयरपोर्ट पर आम लोगों और किसानों के परिवारों के साथ ‘डमी बैग्स’ के जरिए सफल ट्रायल रन पूरा किया गया. साथ ही वीआईपी और वीवीआईपी पार्किंग की व्यवस्थाएं भी अंतिम रूप ले चुकी हैं.
एयरपोर्ट का दौरा करने वाली टीम के मुताबिक, यहां का माहौल किसी लग्जरी होटल या आधुनिक आर्ट गैलरी जैसा अनुभव देता है. डिपार्चर एरिया से लेकर वर्ल्ड-क्लास लाउंज तक हर हिस्सा यात्रियों को एक यादगार सफर का एहसास कराएगा. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट न सिर्फ हवाई यात्रा का नया केंद्र बनेगा, बल्कि यह उत्तर प्रदेश की मेहमाननवाजी, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और वैश्विक स्तर की सुविधाओं का नया प्रतीक भी साबित होगा.