डेली24 भारत डेस्क: उत्तर प्रदेश आज औद्योगिक निवेश के लिए देश का सबसे पसंदीदा प्रदेश बन चुका है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘निवेश मित्र 3.0’ पोर्टल का शुभारंभ करते हुए प्रदेश की बदलती तस्वीर पेश की. उन्होंने कहा कि नौ साल पहले जो सपना उन्होंने उत्तर प्रदेश के लिए देखा था, वह आज साकार हो रहा है. अब उत्तर प्रदेश न केवल देश का ‘फूड बास्केट’ है, बल्कि उद्योगों और निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य भी बन चुका है.
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हुए बदलाव का पूरा श्रेय जीरो टॉलरेंस की नीति और कानून-व्यवस्था को मज़बूत बनाने को दिया. उन्होंने याद दिलाया कि पहले निवेशकों को यूपी में निवेश करना हास्यास्पद लगता था, क्योंकि प्रदेश में माफियाओं और अपराधियों का बोलबाला था. “पहले जब हम निवेश की बात करते थे, तो निवेशक ठहाके लगाकर हंसते थे. प्रदेश के सामने पहचान का संकट था. माफिया नेताओं के गुर्गे बनकर समानांतर सरकार चलाते थे और कोई भी सुरक्षित नहीं था,”
यूपी आज देश का सबसे बेहतर निवेश प्रदेश। सीएम योगी बोले- नौ साल पहले देखा सपना पूरा हो रहा।@myogiadityanath #CMYogiAdityanath #Development #UttarPradesh pic.twitter.com/Lyt1C2pNSv
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) March 24, 2026
उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब अपराधियों के लिए यूपी में कोई जगह नहीं है. मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार ने अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है. आज कोई भी अपराधी दुस्साहस करता है, तो उसका ‘यमराज’ के घर का टिकट कट जाता है।” यह स्पष्ट संदेश है कि निवेशकों और उद्योगपतियों के लिए प्रदेश पूरी तरह सुरक्षित है. कनेक्टिविटी में भी उत्तर प्रदेश ने अभूतपूर्व प्रगति की है. 2017 से पहले प्रदेश में केवल डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे, जबकि आज देश के कुल एक्सप्रेस-वे का 55 प्रतिशत हिस्सा यूपी में है, और गंगा एक्सप्रेस-वे के संचालन के बाद यह आंकड़ा 60 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा. एयरपोर्ट की संख्या में भी जबरदस्त वृद्धि हुई है. पहले केवल ढाई एयरपोर्ट संचालित थे, अब प्रदेश में 16 डोमेस्टिक और 4 इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं. जेवर में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट जल्द ही शुरू होने वाला है, जिससे निवेशकों और व्यापारियों के लिए आसान कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी.
निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने 75 हजार एकड़ का विशाल ‘लैंड बैंक’ तैयार किया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 3,367 कंपनियों को LoC (लेटर ऑफ कम्फर्ट) जारी किए जा चुके हैं, जबकि पिछली सरकारों में केवल 16 LoC जारी हुए थे. इस प्रकार, निवेशकों को न केवल जमीन उपलब्ध है बल्कि पर्याप्त प्रोत्साहन राशि भी मिल रही है, जो 2,781 करोड़ रुपये से अधिक है. सीएम योगी ने उद्यमियों के लिए प्रदेश में सुरक्षा की गारंटी भी दी. उन्होंने कहा, “अगर रात के 12 बजे भी कोई उद्योग में अड़ंगा डालता है, तो मैं तुरंत डीएम और एसपी को फोन करता हूं और निर्देश देता हूं कि ऐसे तत्वों को प्रदेश की सीमा के बाहर खदेड़ कर लाओ।” इस कदम से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और उद्योगपति अब यूपी को स्थायी निवेश स्थल मानने लगे हैं.
प्रदेश में निवेश अब केवल एनसीआर तक सीमित नहीं है. बुंदेलखंड और गोरखपुर जैसे पिछड़े क्षेत्रों में भी औद्योगिक क्रांति देखने को मिल रही है. सात शहरों में मेट्रो नेटवर्क और आईटी सेक्टर में तेजी के साथ प्रदेश हर दृष्टि से आधुनिक और निवेश-मैत्रीपूर्ण बन रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि एक उद्यमी के निवेश से सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी सुनिश्चित होती है, जो प्रदेश की आर्थिक समृद्धि के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. निवेश मित्र 3.0 पोर्टल का शुभारंभ इस बात का प्रतीक है कि उत्तर प्रदेश अब डिजिटल और पारदर्शी निवेश प्रक्रिया के क्षेत्र में भी अग्रणी बन चुका है. प्रदेश की बदलती तस्वीर, मजबूत कानून व्यवस्था, बेहतर कनेक्टिविटी और उद्यमियों को मिलने वाले प्रोत्साहन के कारण उत्तर प्रदेश निश्चित रूप से देश का सबसे बेहतर निवेश प्रदेश बन गया है.
खुशी डैंग, प्रोड्यूसर