Daily 24 भारत डेस्क: वैलेंटाइन वीक को लेकर मुजफ्फरनगर में क्रांति सेना ने सख्त रुख अपनाया है. संगठन की महिला विंग की जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी के नेतृत्व में कार्यालय पर ‘लाठी पूजन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान 14 फरवरी को मनाए जाने वाले वेलेंटाइन डे और उससे जुड़े आयोजनों का विरोध करने की चेतावनी दी गई.
पूनम चौधरी ने कहा कि किस डे, रोज डे, चॉकलेट डे और वैलेंटाइन डे जैसे कार्यक्रम भारतीय संस्कृति के खिलाफ हैं और समाज में अश्लीलता फैलाते हैं. उन्होंने बताया कि इन आयोजनों को रोकने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है. संगठन के पदाधिकारियों ने बाजार क्षेत्र में होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को लिखित चेतावनी-पत्र भी सौंपे हैं.
मुजफ्फरनगर: वैलेंटाइन डे को लेकर हिंदू संगठन अलर्ट। होटलों और रेस्टोरेंट्स को जारी किए गए पत्र। महिला मोर्चा और छात्र सभा के साथ होटल-रेस्टोरेंट्स पर पहुंचे कार्यकर्ता। वैलेंटाइन डे को शहीदी दिवस के रूप में मनाने की अपील। सिविल लाइन थाना क्षेत्र का मामला।#muzaffarnagar… pic.twitter.com/pivb2MF9Dv
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) February 13, 2026
संगठन ने चेतावनी दी है कि 14 फरवरी को यदि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर प्रेमी युगल “संदिग्ध हालत” में पाए गए, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. बयान में कड़े शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा गया कि चेतावनी के बावजूद यदि वेलेंटाइन वीक के कार्यक्रम आयोजित होते हैं, तो इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी.
क्रांति सेना की महिला विंग की ओर से यह भी कहा गया कि 14 फरवरी को पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों की स्मृति में ‘ब्लैक डे’ के रूप में मनाया जाना चाहिए. संगठन ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से अपील की है कि वैलेंटाइन डे के स्थान पर इस दिन को श्रद्धांजलि दिवस घोषित किया जाए. संगठन के इस बयान में दंडात्मक कार्रवाइयों की भी चेतावनी दी गई है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है. प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.