Daily 24 भारत डेस्क: भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में मंदिर निर्माण के बाद पर्यटन और विकास की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है. इसी क्रम में अब सरयू नदी पर श्रद्धालुओं के लिए एक आधुनिक और सुरक्षित फ्लोटिंग पब्लिक बाथिंग कुंड तैयार किया जा रहा है, जो धार्मिक आस्था के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं का संगम होगा.
अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा सरयू नदी पर अत्याधुनिक फ्लोटिंग पब्लिक बाथिंग कुंड का निर्माण कराया जा रहा है. एडीए अधिकारियों के अनुसार, फरवरी महीने तक यह परियोजना पूरी कर श्रद्धालुओं को समर्पित कर दी जाएगी. इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत आ रही है. इस फ्लोटिंग बाथिंग कुंड का निर्माण लिटमस मरीन इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा किया जा रहा है. यह कुंड 25×15 मीटर के आधुनिक फ्लोटिंग स्ट्रक्चर पर आधारित होगा, जिसे पोंटून और उच्च गुणवत्ता वाली फाइबर सामग्री से तैयार किया जा रहा है. खास बात यह है कि यह संरचना नदी के जलस्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव के अनुसार अपने आप समायोजित हो सकेगी, जिससे हर मौसम में इसकी स्थिरता बनी रहेगी.
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां कुल 10 चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं, जिनमें 5 महिलाओं और 5 पुरुषों के लिए होंगे. सुरक्षा व्यवस्था के तहत सेफ्टी बैरियर, रेलिंग, सोलर लाइट, बैठने के लिए बेंच और इमरजेंसी सपोर्ट बोट की भी व्यवस्था की जाएगी. इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परिसर में 7 दुकानें भी स्थापित की जाएंगी, जहां स्थानीय उत्पाद, पूजा सामग्री और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध रहेगा.
यह फ्लोटिंग बाथिंग कुंड श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक स्नान सुविधा प्रदान करेगा, जिससे अयोध्या का धार्मिक और पर्यटन महत्व और भी बढ़ेगा.सरयू तट पर बन रहा यह फ्लोटिंग बाथिंग कुंड अयोध्या के विकास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है, जो आस्था, सुरक्षा और आधुनिकता का अनूठा उदाहरण बनेगा.