डेली24भारत डेस्क: ज्ञान, बुद्धि, विवेक, कला और संगीत की देवी माता सरस्वती के पूजन का पावन पर्व बसंत पंचमी हर वर्ष माघ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। यह दिन माता सरस्वती के अवतरण के साथ-साथ बसंत ऋतु के आगमन का भी प्रतीक माना जाता है। इस समय प्रकृति में चारों ओर नई ऊर्जा, हरियाली और उल्लास देखने को मिलता है, जो जीवन में सकारात्मकता का संचार करता है। इस साल बसंत पंचमी 23 जनवरी, शुक्रवार के दिन मनाई जाएगी। बसंत पंचमी पर इस बार ग्रहों का बहुत शुभ संयोग बन रहा है। ऐसे में इस दिन बड़ों के साथ-साथ बच्चों को भी पूरे विधि विधान सरस्वती माता की पूजा करनी चाहिए।
बसंत पंचमी के दिन विशेष रूप से माता सरस्वती की पूजा की जाती है। श्रद्धालु उपवास रखते हैं और विधि-विधान से पूजा कर बसंत पंचमी की व्रत कथा का श्रवण करते हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन माता सरस्वती परम ब्रह्मा की शक्ति के रूप में प्रकट हुई थीं। कथा के अनुसार जब भगवान ब्रह्मा ने सृष्टि का भ्रमण किया तो उन्हें संसार नीरस, शांत और मौन दिखाई दिया। उन्हें लगा कि सृष्टि में कहीं कोई कमी रह गई है। तब उन्होंने अपने कमंडल से जल छिड़का, जिससे एक दिव्य प्रकाश प्रकट हुआ और उसी प्रकाश से माता सरस्वती का अवतरण हुआ।
माता सरस्वती के हाथों में वीणा थी और उनके मुख पर अलौकिक तेज था। उन्होंने ब्रह्माजी को प्रणाम किया। ब्रह्माजी ने बताया कि संसार के प्राणी बोलने और भाव प्रकट करने में असमर्थ हैं। तब माता सरस्वती ने अपनी वीणा से मधुर ध्वनि उत्पन्न कर संसार को वाणी और ज्ञान प्रदान किया। उसी क्षण से मनुष्य विचारों को समझने और व्यक्त करने में सक्षम हुआ।
मान्यता है कि बसंत पंचमी के दिन व्रत रखने और इस कथा को सुनने से माता सरस्वती की विशेष कृपा प्राप्त होती है। इससे जीवन में विद्या, बुद्धि, विवेक और सफलता का आशीर्वाद मिलता है। इस दिन प्रातः स्नान के बाद पीले वस्त्र धारण करना शुभ माना जाता है। पूजा में पीले फूल और पीले मिष्ठान अर्पित किए जाते हैं। यह व्रत आत्मज्ञान और बौद्धिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है। माता सरस्वती के आशीर्वाद से व्यक्ति शिक्षा, कला और संगीत के क्षेत्र में प्रगति करता है। इस अवसर पर शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है, जिससे ज्ञान और संस्कृति के महत्व को और अधिक बल मिलता है।
भावना सिंह, प्रोड्यूसर