डेली24भारत डेस्क: मुंबई महानगरपालिका (Brihanmumbai Municipal Corporation – BMC) के चुनावों की मतगणना शुरू हो चुकी है और शहर की राजनीति में कांग्रेस, बीजेपी, एनसीपी, शिवसेना और AIMIM के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस बार कई वार्डों में दिलचस्प नतीजे सामने आए हैं, जो मुंबई की राजनीतिक तस्वीर को नए रूप में पेश कर रहे हैं।
महाराष्ट्र: BMC समेत राज्य के 29 नगर निगमों में वोटों की गिनती शुरू। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम। शुरुआती रुझानों पर सबकी नजर। सियासी दलों की धड़कनें तेज।#MaharashtraElections2026 #BMCResults #BMCElections2026 pic.twitter.com/ygvRlflBdW
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) January 16, 2026
AIMIM की शानदार शुरुआत:
मानखुर्द मंडला गांव के वार्ड 134 से AIMIM की महजबीन अतीक अहमद ने जीत हासिल की है। यह ओवैसी की पार्टी की तीसरी जीत है। वहीं, वार्ड 145 से खैरुनिसा हुसैन भी AIMIM के टिकट पर जीतकर आई हैं। अब तक AIMIM की पार्टी को कुल दो सीटों पर सफलता मिली है। इसके अलावा, वार्ड 135 से इरशाद खान भी AIMIM के पहले उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल करने में सफल रहे हैं। ये जीत इस बात का संकेत हैं कि AIMIM मुंबई में अपने पैरों को मजबूत कर रही है।
बीजेपी ने दक्षिण मुंबई और अन्य क्षेत्रों में दबदबा बनाया:
बीजेपी ने इस चुनाव में कई वार्डों में जीत दर्ज की है। वार्ड 87 से कृष्णा पारकर, वार्ड 103 से हेतल गाला, और वार्ड 107 से नील किरीट सोमैया ने जीत हासिल की। इसके अलावा, वार्ड 135 से नवनाथ बन ने मुस्लिम बहुल क्षेत्र मानखुर्द में जीत दर्ज की, जिससे यह साबित होता है कि बीजेपी अब पहले से भी अधिक विविध समुदायों में पैठ बना रही है।
दक्षिण मुंबई में भी बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया। वार्ड 214 और 215 से अजय पाटील और संतोष ढोले विजयी रहे। बांगुर नगर गोरेगांव (वार्ड 50) से बीजेपी के विक्रम राजपूत ने शिवसेना यूबीटी की युवा उम्मीदवार तन्वी दिनेश राव को हराया। दहिसर वार्ड-2 से तेजस्वी घोसालकर ने बीजेपी के लिए जीत सुनिश्चित की।
शिवसेना (यूबीटी) और उद्धव गुट की सफलता:
माहिम में उद्धव ठाकरे गुट के उम्मीदवार की जीत हुई है। वहीं, वार्ड 156 से अश्विनी माटेकर और वार्ड 164 से शैला लांडे ने शिवसेना के लिए जीत दर्ज की।
कांग्रेस की धारावी से जीत:
धारावी वार्ड से कांग्रेस की आशा काले ने जीत हासिल की। यह कांग्रेस के लिए इस चुनाव में एक शुरुआती सफलता है।
अन्य प्रमुख नतीजे और हार-जीत की कहानी:
- अरुण गवली की बेटी योगिता गवली को मुंबई भायखला 207 से हार का सामना करना पड़ा। उनकी हार बीजेपी के उम्मीदार रोहिदास लोखंडे के हाथों हुई।
- नवाब मलिक के भाई कप्तान मलिक चुनाव हार गए। कुर्ला वेस्ट वार्ड से कांग्रेस के अशरफ आज़मी ने जीत हासिल की।
जीत के बाद मिलिंद वैद्य ने कहा, “मैं आज बहुत खुश हूं। मैं बालासाहेब ठाकरे का शिष्य हूं और उनके बताए मार्ग पर काम करूंगा। हमने अपने वचनों का पालन किया है और बाकी सब छोड़कर चले गए।”
मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनावों की मतगणना के बीच सामने आ रहे रुझानों ने शहर की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। ताज़ा रुझानों के मुताबिक, बीजेपी ने 100 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है, जिससे पार्टी और उसके गठबंधन की स्थिति बेहद मजबूत दिखाई दे रही है।
महाराष्ट्र निगम चुनाव: कोल्हापुर नगर निगम में कांग्रेस का अच्छा प्रदर्शन। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस 27 सीटों पर आगे। मुकाबले में अन्य दल पीछे। नतीजों पर सबकी नजर।@INCIndia #BMCResults #BMCElections2026 #Maharashtra pic.twitter.com/ONYM4iIQyc
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) January 16, 2026
अब तक के रुझानों में
- बीजेपी गठबंधन 102 सीटों पर आगे चल रहा है,
- उद्धव ठाकरे गुट का गठबंधन 63 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है,
- कांग्रेस 9 सीटों पर आगे है,
- जबकि अन्य उम्मीदवार 6 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
इन आंकड़ों से साफ है कि इस बार बीएमसी में मुकाबला कड़ा जरूर रहा, लेकिन बीजेपी ने शुरुआती बढ़त को लगातार मजबूत करते हुए बढ़त हासिल की है।
गोरेगांव में उद्धव गुट की अहम जीत
इस बीच गोरेगांव इलाके से उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट को राहत भरी खबर मिली है। मुंबई-गोरेगांव के प्रभाग क्रमांक 53 से शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार जितेंद्र वलवी ने जीत दर्ज की है। यह जीत उद्धव गुट के लिए मनोबल बढ़ाने वाली मानी जा रही है, खासकर उस समय जब पूरे मुंबई में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं।
अबू आजमी के गढ़ शिवाजी नगर, गोवंडी में AIMIM की एंट्री हो गई है। यहां ओवैसी की पार्टी 136,137 वोटों से आगे चल रही है और उसके जीतने के आसार हैं। इसका मतलब यह हुआ कि अबू आजमी के गढ़ शिवाजी नगर, गोवंडी से सपा का कब्जा हट सकता है।
वार्ड 185: कांग्रेस से BJP में शामिल हुए रवि राजा चुनाव हार गए। रवि राजा, पिछले कार्यकाल में कांग्रेस के नेता थे।
BMC चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। ताज़ा रुझानों के अनुसार, बीजेपी और उसके गठबंधन ने कुल 115 सीटों पर बढ़त बना ली है, जिससे यह साफ हो गया है कि इस बार मुंबई की सबसे बड़ी नगर निगम पर बीजेपी का दबदबा कायम होने जा रहा है।
पूरे चुनावी सफर के दौरान बीजेपी ने शहरी मतदाताओं के बीच मजबूत पकड़ दिखाई। उत्तर मुंबई से लेकर दक्षिण मुंबई तक पार्टी को व्यापक समर्थन मिला, वहीं कई ऐसे वार्डों में भी जीत दर्ज की गई जहाँ मुकाबला बेहद कड़ा माना जा रहा था। बीजेपी की इस सफलता को संगठनात्मक मजबूती, जमीनी स्तर पर किए गए प्रचार और गठबंधन रणनीति का नतीजा माना जा रहा है।
विपक्षी दल पीछे छूटे
उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना ने भी संघर्ष जरूर किया, लेकिन वह बहुमत के आंकड़े से काफी पीछे रह गई। कांग्रेस और अन्य दलों का प्रदर्शन सीमित रहा, जिससे बीएमसी की सत्ता में बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है।
मुंबई की राजनीति में नया अध्याय
बीएमसी चुनाव के ये नतीजे मुंबई की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत माने जा रहे हैं। 25 वर्षों से अधिक समय तक शिवसेना के प्रभाव वाली बीएमसी में अब सत्ता संतुलन बदलता हुआ नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में मेयर पद, स्थायी समिति और अहम विभागों पर नियंत्रण को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
कुल मिलाकर, बीएमसी चुनावों में बीजेपी की यह जीत न केवल नगर निगम स्तर पर, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति में भी दूरगामी असर डालने वाली साबित हो सकती है।
भावना सिंह, प्रोड्यूसर