Daily 24 भारत डेस्क: भारत-अमेरिका संबंधों में बीते कुछ महीनों से आई तल्ख़ी का असर अब छात्रों पर भी दिखने लगा है. अमेरिका ने भारतीय छात्रों को इमिग्रेशन नियमों को लेकर सख़्त चेतावनी जारी की है. भारत में अमेरिकी दूतावास ने बुधवार, 7 जनवरी 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर साफ कहा कि अमेरिकी कानूनों का उल्लंघन करने पर छात्र वीजा रद्द किया जा सकता है और देश से निकाला भी जा सकता है.
अमेरिकी दूतावास ने अपने बयान में कहा, “यूएस कानूनों को तोड़ने पर आपके छात्र वीजा के लिए गंभीर नतीजे हो सकते हैं. अगर आपको गिरफ्तार किया जाता है या आप किसी कानून का उल्लंघन करते हैं, तो आपका वीजा रद्द किया जा सकता है. आपको अमेरिका से डिपोर्ट किया जा सकता है और भविष्य में अमेरिकी वीजा के लिए अयोग्य भी ठहराया जा सकता है. नियमों का पालन करें, क्योंकि अमेरिकी वीजा एक सुविधा है, अधिकार नहीं.”
यह पहली बार नहीं है जब अमेरिका ने इस तरह की चेतावनी दी हो. इससे पहले अवैध अप्रवासन को लेकर भी भारत सहित कई देशों के नागरिकों को सख़्त संदेश दिया गया था. अमेरिकी प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि इमिग्रेशन कानून तोड़ने पर भारी आपराधिक सज़ा के साथ वीजा रद्द किया जा सकता है.दरअसल, अमेरिका इस समय छात्र वीजा और एच-1बी वीजा नियमों को और सख़्त कर रहा है. अवैध गतिविधियों, ओवरस्टे और कानून उल्लंघन के मामलों में ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जा रही है. इसका सीधा असर विदेशी छात्रों की संख्या पर भी दिख रहा है.
आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका में विदेशी छात्रों के नए एडमिशन में गिरावट दर्ज की गई है. पिछले साल नए इंटरनेशनल एडमिशन में करीब 17 प्रतिशत की कमी आई, जबकि अगस्त 2024 के आंकड़े बताते हैं कि अंतरराष्ट्रीय छात्रों के आगमन में साल-दर-साल 19 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जो 2021 के बाद सबसे निचला स्तर है. ऐसे में अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे भारतीय छात्रों के लिए यह चेतावनी बेहद अहम मानी जा रही है. विशेषज्ञों का कहना है कि छात्रों को वीजा शर्तों, काम करने के नियमों और स्थानीय कानूनों का पूरी तरह पालन करना होगा, वरना भविष्य पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है.