Daily 24 भारत डेस्क: फरीदाबाद पुलिस में दर्ज FIR के मुताबिक, पीड़िता 17 वर्षीय नेशनल लेवल महिला निशानेबाज है, जो पिछले साल अगस्त से नेशनल पिस्टल कोच अंकुश भारद्वाज के साथ प्रशिक्षण ले रही थी. यह घटना 16 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है.
पीड़िता ने दक्षिण दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित एक नेशनल लेवल प्रतियोगिता में भाग लिया था. प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद आरोपी कोच ने प्रदर्शन की समीक्षा के बहाने उसे फरीदाबाद के सूरजकुंड स्थित एक होटल की लॉबी में मिलने के लिए बुलाया, जहां वह ठहरे हुए थे. पीड़िता का आरोप है कि होटल पहुंचने पर कोच ने एकांत में बातचीत का बहाना बनाकर उसे जबरन अपने कमरे में ले जाने के लिए मजबूर किया और वहीं उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया. पीड़िता ने इस घटना की जानकारी एक जनवरी को अपनी मां को दी, जिसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
नाबालिग खिलाड़ी से यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद राष्ट्रीय शूटिंग कोच अंकुश भारद्वाज को NRAI ने तत्काल प्रभाव से निलंबित किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी, खेल जगत ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की।#Faridabad #SexualHarassment #AnkushBhardwaj pic.twitter.com/Wa4jOD9Vhl
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) January 8, 2026
मामले की पुष्टि भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ यानी NRAI ने भी की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए NRAI ने आरोपी कोच अंकुश भारद्वाज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. NRAI के सचिव राजीव भाटिया ने बताया कि भारद्वाज को नैतिक आधार पर सस्पेंड किया गया है और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा. जांच पूरी होने तक वह किसी भी तरह की कोचिंग गतिविधियों में शामिल नहीं होंगे. गौरतलब है कि NRAI ने ही 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए 37 सदस्यीय कोचिंग स्टाफ में अंकुश भारद्वाज को शामिल करने की सिफारिश की थी, जिसके बाद भारतीय खेल प्राधिकरण यानी साई ने उन्हें नियुक्त किया था.
इससे पहले साल 2010 में वह डोपिंग मामले में भी विवादों में रह चुके हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और खेल जगत इस संवेदनशील मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है.