Daily 24 भारत डेस्क: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान हमेशा से अपनी फिल्मों और स्टारडम को लेकर चर्चा में रहते हैं, लेकिन अपनी निजी जिंदगी पर वह बहुत कम ही खुलकर बात करते हैं. हाल ही में एक इंटरनेशनल इवेंट के दौरान बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान हमेशा से अपनी फिल्मों और स्टारडम को लेकर चर्चा में रहते हैं, लेकिन अपनी निजी जिंदगी पर वह बहुत कम ही खुलकर बात करते हैं. हाल ही में एक इंटरनेशनल इवेंट के दौरान सलमान ने अपनी जिंदगी के उन पहलुओं पर रोशनी डाली, जिन्हें आमतौर पर वह कैमरों से दूर ही रखते हैं. रेड सी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में पहुंचे सलमान खान ने न सिर्फ अपने फिल्मी करियर पर बात की, बल्कि अपनी निजी जिंदगी, दोस्तों और बीते वक्त को लेकर भी भावुक बातें साझा की. सोशल मीडिया पर इस इवेंट के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें सलमान बेहद शांत और आत्ममंथन करते हुए नजर आ रहे हैं.
इवेंट के दौरान सलमान खान ने अपने गुजरे दोस्तों को याद किया और बताया कि कैसे उनकी जिंदगी बीते कई सालों से एक ही रूटीन में सिमटी हुई है. उन्होंने कहा, “मेरी ज्यादातर जिंदगी मेरे परिवार और दोस्तों के इर्द-गिर्द रही है. इनमें से कई अब इस दुनिया में नहीं रहे और अब बस 4-5 दोस्त ही हैं, जो बहुत पहले से मेरे साथ हैं।” सलमान ने साफ शब्दों में स्वीकार किया कि पिछले 25-26 सालों में वह कहीं बाहर डिनर पर तक नहीं गए. उनका जीवन सिर्फ काम के इर्द-गिर्द घूमता है- “शूटिंग से घर, घर से शूटिंग, घर से एयरपोर्ट, एयरपोर्ट से होटल और होटल से यहां। बस यही है, यही मेरी जिंदगी है।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें इस तरह की जिंदगी पर कभी पछतावा होता है, तो सलमान का जवाब बेहद साफ और आत्मविश्वास से भरा हुआ था. उन्होंने कहा, “मुझे इससे फर्क भी नहीं पड़ता. या तो ये चाहिए कि आप घूमो-फिरो और ये सब ना हो, जो कि मैं नहीं चाहता।” सलमान ने आगे कहा कि उन्हें जो प्यार और इज्जत लोगों से मिलती है, वही उनकी मेहनत की असली वजह है. उनके मुताबिक, यह सम्मान और अपनापन ही है, जिसके लिए वह लगातार काम करते रहते हैं. उन्होंने यह भी माना कि कभी-कभी वह आत्मसंतुष्ट महसूस करते हैं, लेकिन उस एहसास को भी वह यह सोचकर एंजॉय करते हैं कि आगे उनकी जिंदगी और करियर में क्या नया आने वाला है.
रेड सी फिल्म फेस्टिवल में सलमान खान दूसरी बार शामिल हुए हैं. इस दौरान उनकी मुलाकात हॉलीवुड स्टार जॉनी डेप से भी हुई, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं. इससे पहले बुधवार को सलमान फिल्म फेस्टिवल के तहत आयोजित गोल्डन ग्लोब्स के डिनर में भी नजर आए थे. इंटरनेशनल मंच पर सलमान की मौजूदगी एक बार फिर यह साबित करती है कि उनकी लोकप्रियता सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है.
काम की बात करें तो सलमान खान हाल ही में रियलिटी शो बिग बॉस का सीजन 19 खत्म कर चुके हैं, जहां एक बार फिर उनकी होस्टिंग को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इसके अलावा उनके फैन्स को अब उनकी अपकमिंग फिल्म बैटल ऑफ गलवान का बेसब्री से इंतजार है. इस फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह नजर आएंगी. फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और इसके जून 2026 में रिलीज होने की उम्मीद जताई जा रही है.
कुल मिलाकर, सलमान खान की ये बातें उनके उस चेहरे को सामने लाती हैं, जो चकाचौंध और ग्लैमर से दूर, पूरी तरह अपने काम और जिम्मेदारियों में डूबा हुआ है. उन्होंने यह साफ कर दिया कि भले ही उनकी जिंदगी बेहद सादी और सीमित दायरे में सिमटी हो, लेकिन उन्हें इससे कोई शिकायत नहीं है. लोगों का प्यार, इज्जत और अपने काम के प्रति समर्पण, यही सलमान खान की असली ताकत है और यही उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा सच भी.