डेली24भारत डेस्क: अमेरिका के बाद अब उसका पड़ोसी देश मैक्सिको भी भारत, चीन और अन्य एशियाई देशों से आने वाले उत्पादों पर 50% तक टैरिफ लगाने जा रहा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट बताती है कि मैक्सिकन सरकार ने एशियाई सामानों पर अतिरिक्त शुल्क लागू करने का निर्णय लिया है। संसद में यह प्रस्ताव पास हो गया है, जो काफी हद तक चीन पर कड़े व्यापारिक प्रतिबंध लगाने की अमेरिकी नीति के अनुरूप है। राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम का लक्ष्य घरेलू उद्योगों को विदेशी प्रतिस्पर्धा से बचाना है।
नया टैक्स अगले साल से लागू हो सकता है, जिसकी दरें 5% से 50% के बीच होंगी। संसद में इस प्रस्ताव के समर्थन में 76 वोट पड़े, जबकि 5 सांसदों ने विरोध किया और 35 अनुपस्थित रहे।
किन उत्पादों पर लगेगा शुल्क?
टैरिफ कपड़े, धातु, ऑटो पार्ट्स और कई अन्य वस्तुओं पर लागू होगा। माना जा रहा है कि इसका सबसे बड़ा असर चीन के बड़े विनिर्माण उद्योग पर पड़ेगा।
क्या यह ट्रम्प के दबाव का नतीजा है?
बताया जा रहा है कि यह कदम राष्ट्रपति शाइनबाम और डोनाल्ड ट्रम्प के बीच चल रही महत्वपूर्ण व्यापार वार्ताओं से जुड़ा हो सकता है। उम्मीद है कि चीन पर लगाए गए इन शुल्कों के बदले अमेरिका मैक्सिकन स्टील और एल्यूमिनियम पर अपने सख्त टैरिफ कम कर सकता है।
हालाँकि मैक्सिको ने वर्षों तक मुक्त व्यापार को बढ़ावा दिया है, लेकिन शाइनबाम की मोरेना पार्टी अब अलग दिशा में कदम बढ़ा रही है। शाइनबाम भले ही सार्वजनिक रूप से ट्रम्प की एशियाई देशों पर टैरिफ नीति से दूरी बनाती दिखें, लेकिन नए आयात शुल्क अमेरिका की सोच से मेल खाते हैं।
भावना सिंह, प्रोड्यूसर