Daily 24 भारत डेस्क: गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में लगी भीषण आग के मामले में लगातार बड़ी कार्रवाई हो रही है. नाइटक्लब के मालिक और आरोपी लूथरा बंधु—सौरभ और गौरव को थाईलैंड में हिरासत में ले लिया गया है. भारत लाने की प्रक्रिया भी तेज़ी से आगे बढ़ रही है.
6 दिसंबर, शनिवार की रात गोवा के अरपोरा स्थित बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब में लगी आग ने 25 लोगों की जान ले ली. कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे के तुरंत बाद क्लब मालिकों,सौरभ और गौरव लूथरा पर लापरवाही का आरोप लगा और दोनों मौके से फरार हो गए. आरोपों के बाद दोनों भाई फुकेट, थाईलैंड भाग गए. विदेश मंत्रालय ने दोनों का पासपोर्ट रद्द कर दिया, जिसके बाद इंटरपोल ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया था.
ताज़ा जानकारी के मुताबिक थाईलैंड अधिकारियों ने सौरभ और गौरव को हिरासत में ले लिया है. दोनों को भारत लाने की प्रक्रिया जारी है और संबंधित एजेंसियाँ लगातार संपर्क में हैं. गिरफ्तारी से बचने के लिए लूथरा भाइयों ने दिल्ली की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया. आरोपियों के वकीलों का कहना था कि उनके मुवक्किल थाईलैंड काम से गए थे और लौटना चाहते थे, लेकिन गिरफ्तारी का डर था.
हादसे के बाद गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए. इसी के तहत जिला प्रशासन ने ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब पर बुलडोज़र चलाते हुए अवैध हिस्सों को ध्वस्त कर दिया. लूथरा बंधुओं की गिरफ्तारी के बाद अब मामला एक नए मोड़ पर पहुँच गया है. भारत लाए जाने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी कि इतनी बड़ी आग कैसे लगी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी क्यों की गई. फ़िलहाल, पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की प्रक्रिया तेज़ कर दी गई है.