डेली 24 भारत | पटना :बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए ने शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और आरएलएम के शीर्ष नेताओं ने मिलकर वादों का ऐलान किया। पटना में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा सहित कई नेता मौजूद रहे।
घोषणा पत्र में रोजगार, महिला सशक्तिकरण, कृषि सुधार और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया गया है।
रोजगार और महिला सशक्तिकरण
- 1 करोड़ सरकारी नौकरियां और रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे।
- राज्य में कौशल जनगणना कराकर युवाओं को स्किल-आधारित रोजगार दिया जाएगा।
- हर जिले में मेगा स्किल सेंटर खोले जाएंगे ताकि बिहार को ग्लोबल स्किल हब बनाया जा सके।
- मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी।
- 1 करोड़ महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाया जाएगा।
- महिला मिशन करोड़पति योजना के तहत चुनी हुई महिला उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त किया जाएगा।
- अति पिछड़ा वर्ग के पारंपरिक व्यवसाय समूहों को ₹10 लाख की सहायता दी जाएगी।
- सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में समिति गठित कर अति पिछड़े वर्गों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन किया जाएगा।
किसान और कृषि विकास
- कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि के तहत हर किसान को सालाना ₹9,000 मिलेंगे।
- एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर में ₹1 लाख करोड़ का निवेश किया जाएगा।
- पंचायत स्तर पर प्रमुख फसलों की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित की जाएगी।
- मत्स्य-दुग्ध मिशन से मत्स्य पालकों और डेयरी किसानों को आर्थिक सहायता मिलेगी।
- हर प्रखंड में दुग्ध चिलिंग और प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
- 5 मेगा फूड पार्क बनाए जाएंगे और कृषि निर्यात को दोगुना किया जाएगा।
- 2030 तक दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
बुनियादी ढांचा और कनेक्टिविटी
- 7 नए एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे।
- 3600 किलोमीटर रेल नेटवर्क का आधुनिकीकरण होगा।
- अमृत भारत एक्सप्रेस और नमो रैपिड रेल सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।
- 4 नए शहरों में मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी।
- न्यू पटना में ग्रीनफील्ड शहर और प्रमुख नगरों में सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएगी।
- सीता माता की जन्मभूमि को विश्वस्तरीय “सीतापुरम” के रूप में विकसित किया जाएगा।
- पटना के पास ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दरभंगा, भागलपुर व पूर्णिया में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाए जाएंगे।
- 10 नए शहरों को घरेलू उड़ान नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
उद्योग और नई अर्थव्यवस्था
- विकसित बिहार औद्योगिक मिशन के तहत ₹1 लाख करोड़ के निवेश से औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया जाएगा।
- हर जिले में आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और 10 नए औद्योगिक पार्क बनाए जाएंगे।
- नई अर्थव्यवस्था (New-age Economy) में ₹50 लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य रखा गया है।
जनकल्याण योजनाएं
- पात्र परिवारों को मुफ्त राशन मिलेगा।
- 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी।
- ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा जारी रहेगी।
- 50 लाख नए पक्के मकान बनाए जाएंगे।