नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने सीयूईटी-यूजी के एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों के लिए 19 जुलाई को दोबारा परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है। ये उम्मीदवार छह राज्यों से संबंधित हैं।एनटीए सूत्रों के अनुसार परीक्षा दोबारा करवाने की एक बड़ी वजह यह है कि अभ्यर्थियों को उनके द्वारा चुनी गई भाषा में प्रश्नपत्र न देकर दूसरी भाषा में प्रश्नपत्र दिया गया था।

गलत प्रश्न पत्र मिलने से अभ्यर्थियों का समय बर्बाद हुआ। एनटीए जिन 1,000 सीयूईटी-यूजी अभ्यर्थियों के लिए पुन: परीक्षा आयोजित कर रहा है, उनमें से 250 अभ्यर्थी हजारीबाग के ओएसिस पब्लिक स्कूल के हैं, जो नीट-यूजी प्रश्नपत्र के कथित लीक के लिए भी जांच के दायरे में है। अधिसूचना के अनुसार, सीयूईटी (यूजी) 2024 परीक्षा के संबंध में भेजी गई शिकायतों के आधार पर, प्रभावित उम्मीदवारों के लिए 19 जुलाई को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में पुन: परीक्षा आयोजित की जाएगी।

रविवार को जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, सीयूईटी (यूजी) 2024 परीक्षा के संबंध में 30 जून, 2024 तक अभ्यर्थियों से प्राप्त शिकायतों के साथ-साथ 7-9 जुलाई (शाम 05:00 बजे से पहले) के बीच ऑनलाइन भेजी गई शिकायतों की समीक्षा की गई है। अधिसूचना में कहा गया है, “इन शिकायतों के आधार पर, प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 19 जुलाई, 2024 को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।”