Daily 24 भारत डेस्क: 15 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ खेले गए IPL 2026 के 23वें लीग मुकाबले में विराट कोहली इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान पर उतरे थे. यह IPL इतिहास में पहली बार हुआ था जब कोहली को इस रोल में इस्तेमाल किया गया. इसके बाद अब चर्चा तेज है कि क्या दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में भी वह इसी भूमिका में नजर आएंगे?
गौर करने वाली बात यह है कि लखनऊ के खिलाफ मैच में इम्पैक्ट प्लेयर बनने से पहले 12 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में कोहली फील्डिंग के लिए भी मैदान पर नहीं उतरे थे, क्योंकि उन्हें एड़ी में हल्की चोट की समस्या थी. मैच के बाद उन्होंने खुद भी माना था कि वह पूरी तरह फिट नहीं थे.
मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरसीबी के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने कोहली की उपलब्धता को लेकर अहम जानकारी दी. उन्होंने साफ कहा कि कोहली मैच में जरूर खेलेंगे, लेकिन वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे या फिर इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरेंगे, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है.
हेजलवुड ने दिया बड़ा अपडेट
हेजलवुड ने कहा, “वह (विराट कोहली) निश्चित तौर पर खेलेंगे. बस यह देखना है कि वह टीम को कितना योगदान दे पाते हैं. वह मैदान पर जबरदस्त ऊर्जा लाते हैं और दुनिया के बेहतरीन फील्डर्स में से एक हैं. हम चाहेंगे कि वह पूरी तरह फिट होकर उतरें. जहां तक मेरी जानकारी है, वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो हमेशा खेल में शामिल रहना पसंद करते हैं और असर डालना चाहते हैं.”
इस सीजन में कोहली शानदार फॉर्म में नजर आए हैं. उन्होंने अब तक 5 मैचों की 5 पारियों में 57 की औसत और 158.33 के स्ट्राइक रेट से 228 रन बनाए हैं. उनके बल्ले से 2 अर्धशतक भी निकल चुके हैं और वह इस समय सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर बने हुए हैं.