Daily 24 भारत डेस्क: द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाली हैं. उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है. समारोह में विभिन्न देशों के छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएगी, साथ ही मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा.
इसी बीच राष्ट्रपति के दौरे से ठीक पहले एक दुखद हादसा हो गया. दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव स्थित शीतला माता मंदिर में पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई. इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए हैं. घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हर मंगलवार की तरह मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचे थे. भीड़ अधिक होने और पर्याप्त पुलिस बल की कमी के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई और भगदड़ मच गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.
नालंदा: शीतला मंदिर में भगदड़ का बड़ा हादसा। भगदड़ में 8 लोगों की मौत। बड़ी संख्या में श्रद्धालु घायल। दीपनगर स्थित शीतला मंदिर की घटना।#Nalanda #Stampede #BreakingNews pic.twitter.com/S8R7NpqBja
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) March 31, 2026
घटना की सूचना मिलते ही लहेरी और दीपनगर थाना पुलिस के साथ एसडीएम बिहारशरीफ मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मेले में लगी दुकानों को बंद कराया जा रहा है.
उधर, राष्ट्रपति मुर्मू अपने कार्यक्रम के तहत नालंदा में 2000 सीटों वाले अत्याधुनिक सभागार ‘विश्वमित्रालय’ का उद्घाटन करेंगी. इसके बाद वह सहभागिता प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी, जहां विभिन्न गतिविधियों की जानकारी उन्हें दी जाएगी. प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जबकि हादसे के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.