उत्तर प्रदेश : लोकसभा चुनाव 2024 के बाद से ही उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के भीतर कलह के दावे किए जा रहे हैं. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव लगातार दावा कर रहे हैं कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कुछ अन्य नेता मिलकर सरकार गिराना चाह रहे हैं.

उन्होंने तो बीते दिनों केशव को मॉनसून ऑफर तक दे दिया था.इन सब दावों और ऑफर्स के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ के एक कदम से पक्ष और विपक्ष दोनों के कदम रूक गए हैं. गुरुवार शाम को जब यह सूचना यूपी के सियासी और सुर्खियों के गलियारे में पहुंची कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी की विधायक और अपना दल कमेरावादी पार्टी की नेता पल्लवी पटेल से मुलाकात की सबके लिए अचरज की बात थी.

यूं तो इस मुलाकात को शिष्टाचार बैठक का नाम दिया जा रहा है लेकिन जानकारों की मानें तो सीएम योगी ने एक तीर से तीन निशाने साध दिए हैं. अब ये तीर से निशाने पर लगता है या नहीं यह तो वक्त बताएगा लेकिन जिस समय यह मुलाकात हुई है उसके कई मायने निकाले जा रहे हैं.