Daily 24 भारत डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मियों के बीच शुक्रवार (31 अक्टूबर 2025) को एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) ने अपना साझा घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) जारी कर दिया। पटना के गांधी मैदान स्थित होटल मौर्या में आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी और सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस घोषणापत्र में बिहार के विकास, रोजगार, महिलाओं की सशक्तिकरण और बुनियादी ढांचे को लेकर कई बड़े ऐलान किए गए हैं।
कार्यक्रम की खास बातें
घोषणापत्र जारी करने के मौके पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, धर्मेंद्र प्रधान, संजय कुमार झा, ललन सिंह, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा समेत एनडीए के सभी प्रमुख नेता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने संयुक्त रूप से बिहार के विकास की रूपरेखा जनता के सामने रखी।
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने का वादा
एनडीए ने अपने घोषणापत्र में महिलाओं के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की।
- मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को ₹2 लाख तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
- एक करोड़ महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाया जाएगा, यानी हर महिला को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
- इसके साथ ही “मिशन करोड़पति” शुरू करने का भी ऐलान किया गया है, जिससे राज्य में महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।
रोजगार और युवाओं के लिए वादे
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आने वाले वर्षों में बिहार में एक करोड़ से अधिक सरकारी नौकरियां और रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे।
हर जिले में मेगा स्किल सेंटर स्थापित कर बिहार को ग्लोबल स्किलिंग हब बनाया जाएगा।
अति पिछड़ा वर्ग के व्यवसायिक समूहों को ₹10 लाख तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
किसानों के लिए नई पहल
घोषणापत्र में किसानों को ध्यान में रखते हुए “कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि” की घोषणा की गई है। इसके तहत
- किसानों को प्रति वर्ष ₹9000 की आर्थिक सहायता मिलेगी।
- एग्री-इन्फ्रास्ट्रक्चर में ₹1 लाख करोड़ का निवेश किया जाएगा।
- पंचायत स्तर पर एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर फसलों की खरीद की सुविधा दी जाएगी।
आधारभूत ढांचे और विकास योजनाएं
घोषणापत्र में बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट्स की घोषणा की गई है —
- राज्य में 7 एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे।
- 3600 किलोमीटर रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण किया जाएगा।
- अमृत भारत एक्सप्रेस और नमो रैपिड रेल सेवा का विस्तार होगा।
- 4 नए शहरों में मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी।
- दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे।
- 10 नए औद्योगिक पार्क और हर जिले में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित की जाएंगी।
- मां जानकी की जन्मस्थली को विश्वस्तरीय ‘सीतारामपुर’ आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा।
विपक्ष का घोषणापत्र
वहीं, महागठबंधन ने 28 अक्टूबर को अपना घोषणापत्र जारी किया था, जिसे “तेजस्वी प्रण” नाम दिया गया है। इसमें पुरानी पेंशन योजना लागू करने और हर घर एक सरकारी नौकरी देने जैसे वादे किए गए हैं। तेजस्वी यादव ने कहा था कि वे अपने इन वादों को पूरा करने के लिए “प्राण न्योछावर” तक कर देंगे।
भावना सिंह, प्रोड्यूसर