Daily 24 भारत डेस्क: दिल्ली के गांधी विहार इलाके में यूपीएससी की तैयारी कर रहे 32 साल के युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी लिव-इन पार्टनर और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। कुछ दिन पहले उस युवक का जला हुआ शव मिला था।
मुरादाबाद का रहने वाला था युवक
मृतक की पहचान रामकेश मीणा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था और दिल्ली के गांधी विहार में एक इमारत की चौथी मंजिल पर किराए पर रहता था।
पुलिस ने बताया कि मीणा की लिव-इन पार्टनर (21 वर्षीय युवती), जो फोरेंसिक साइंस में बीएससी कर रही थी, ने अपने पूर्व प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद तीनों ने शव को आग लगाई ताकि यह दुर्घटनावश लगी आग लगे।
एसी फटने से आग लगने की सूचना मिली थी
6 अक्टूबर को पुलिस को एसी में विस्फोट से आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और अंदर से जला हुआ शव बरामद किया। शुरुआत में मामला हादसे का लगा, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने राज खोल दिया। वीडियो में दिखा कि रात में दो लोग चेहरे ढककर इमारत में घुसे और लगभग 2:57 बजे एक महिला उनमें से एक के साथ बाहर निकलती नजर आई। कुछ देर बाद ही वहां आग लग गई।
कॉल डिटेल से खुला राज
महिला के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) से पता चला कि वह घटना के वक्त उसी इलाके में थी। इस पर शक गहराया और पुलिस ने मुरादाबाद में छापे मारकर 18 अक्टूबर को महिला को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया और अपने दो साथियों के नाम बताए, जिन्हें बाद में गिरफ्तार किया गया।
अश्लील वीडियो को लेकर रची साजिश
जांच में पता चला कि मीणा ने महिला के अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिए थे और उन्हें डिलीट करने से मना कर दिया था। जब महिला ने यह बात अपने पूर्व प्रेमी को बताई, तो वह गुस्से में आ गया और मीणा को खत्म करने की योजना बना ली।
गला घोंटकर की हत्या, फिर लगाई आग
तीनों ने मिलकर पहले रामकेश मीणा का गला घोंटा, फिर उसके ऊपर तेल, घी और शराब डालकर आग लगा दी। महिला के पूर्व प्रेमी ने गैस सिलेंडर का वाल्व खोलकर विस्फोट किया, ताकि मामला हादसे जैसा लगे। वारदात के बाद तीनों मीणा का लैपटॉप, हार्ड डिस्क और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अब आरोपियों से हार्ड डिस्क, दो मोबाइल फोन, एक ट्रॉली बैग और मृतक की कमीज बरामद की है। मामले की जांच फिलहाल जारी है।