Daily 24 भारत डेस्क: Iran के नए सर्वोच्च नेता मुज्तबा खामेनेई को लेकर अंतरराष्ट्रीय मीडिया में कई चौंकाने वाले दावे सामने आए हैं. ब्रिटिश अख़बार की एक रिपोर्ट के अनुसार, 56 वर्षीय मुज्तबा खामेनेई इस समय गंभीर रूप से अस्वस्थ हैं और क़ोम में उनका इलाज चल रहा है.
रिपोर्ट में एक कथित राजनयिक मेमो का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि वह बेहोशी की हालत में हैं और शासन से जुड़े निर्णय लेने में फिलहाल असमर्थ हैं. बताया जा रहा है कि यह जानकारी अमेरिकी और इजरायली खुफिया एजेंसियों से प्राप्त हुई है, जिसे उनके खाड़ी सहयोगियों के साथ साझा किया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, मुज्तबा खामेनेई हाल ही में हुए अमेरिका और इजरायल के हमलों में घायल हो गए थे. इसी हमले में उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत होने का दावा भी किया गया है. हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है. यह पहली बार बताया गया है कि मुज्तबा खामेनेई क़ोम में मौजूद हैं, जो तेहरान से लगभग 140 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है और शिया इस्लाम का प्रमुख धार्मिक केंद्र माना जाता है.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अयातुल्ला अली खामेनेई के लिए क़ोम में एक बड़े मकबरे की तैयारी चल रही है, जिसमें परिवार के अन्य सदस्यों को भी दफनाया जा सकता है. यहां तक कि मुज्तबा खामेनेई को भी उसी स्थान पर दफनाए जाने की आशंका जताई गई है, जिससे उनकी हालत गंभीर होने के संकेत मिलते हैं. इन दावों पर अब तक न तो ईरान और न ही संयुक्त राज्य अमेरिका की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया दी गई है. ईरान ने केवल यह पुष्टि की है कि हमले में मुज्तबा खामेनेई घायल हुए थे, लेकिन उनकी स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई.
इस बीच, ईरानी सरकारी मीडिया ने उनके नाम से बयान जारी किए हैं, लेकिन उनकी आवाज या हालिया सार्वजनिक उपस्थिति सामने नहीं आई है. हाल ही में एक AI-जनरेटेड वीडियो भी जारी किया गया, जिसमें उन्हें एक वॉर रूम में दिखाया गया, हालांकि इसकी प्रामाणिकता पर सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल मुज्तबा खामेनेई की वास्तविक स्थिति को लेकर स्थिति अस्पष्ट बनी हुई है. अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों और खुफिया दावों के बीच आधिकारिक पुष्टि का अभाव इस पूरे मामले को और अधिक रहस्यमय बना रहा है.