डेली24 भारत डेस्क: आज हिंदी सिनेमा जगत से एक चिंताजनक खबर सामने आई, जब मशहूर पटकथा लेखक सलीम खान को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया. खबर मिलते ही फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों के बीच हलचल मच गई. सलीम खान, जो न केवल सुपरस्टार सलमान खान के पिता हैं बल्कि हिंदी सिनेमा के इतिहास में कई यादगार फिल्मों के लेखक भी रहे हैं, उनकी तबीयत को लेकर परिवार और प्रशंसकों में चिंता स्वाभाविक थी.
अस्पताल में भर्ती होने के बाद पूरा खान परिवार लीलावती अस्पताल में नजर आया. सबसे पहले सलमान खान को अस्पताल के बाहर देखा गया. उनके चेहरे पर चिंता साफ झलक रही थी। इसके बाद उनकी बहन अलवीरा और बहनोई अतुल अग्निहोत्री भी पहुंचे. धीरे-धीरे परिवार के अन्य सदस्य अरबाज खान अपनी पत्नी शूरा के साथ, अरहान, निरवान, आयुष शर्मा, अर्पिता खान, सलमा खान और हेलन भी अस्पताल पहुंच गए. परिवार की एकजुटता इस मुश्किल समय में साफ दिखाई दी.
वेंटिलेटर पर सलीम खान, तबीयत स्थिर! @BeingSalmanKhan #SalmanKhan #SalimKhan #BollywoodNews pic.twitter.com/u0JwizKhjc
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) February 18, 2026
बॉलीवुड इंडस्ट्री से भी कई करीबी लोग सलीम खान का हाल जानने पहुंचे. अभिनेता संजय दत्त भी अस्पताल पहुंचे और परिवार के साथ समय बिताया. यह दृश्य बताता है कि सलीम खान का फिल्म जगत में कितना सम्मान और प्रभाव है. अब सलीम खान को अस्पताल में भर्ती हुए 24 घंटे से अधिक समय हो चुका है. अस्पताल प्रशासन की ओर से पहले शाम को एक प्रेस ब्रीफिंग में जानकारी दी गई थी कि वह स्टेबल हैं और डॉक्टरों की एक टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है. आज एक हेल्थ बुलेटिन जारी करने की बात भी कही गई थी.
ताजा अपडेट के मुताबिक, सलीम खान को हल्का ब्रेन हेमरेज हुआ था. इस बारे में जानकारी देते हुए डॉक्टर जलील पारकर ने बताया कि उन्हें “बहुत ही मिनिमल ब्रेन हेमरेज” हुआ था, जिसके लिए एक बेसिक प्रोसीजर किया गया जिसे DSA कहा जाता है. डॉक्टरों के अनुसार यह प्रोसीजर सफल रहा और किसी प्रकार की बड़ी सर्जरी की आवश्यकता नहीं पड़ी.
डॉ. पारकर ने आगे बताया कि फिलहाल सलीम खान वेंटिलेटर पर हैं, लेकिन उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है. उम्मीद जताई जा रही है की आज या कल तक उन्हें वेंटिलेटर से हटा लिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा की सलीम खान पहले से बेहतर हैं और रिकवरी की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि उनकी हालत स्थिर है, हालांकि एहतियात के तौर पर उन्हें ICU में रखा गया है.
अपने पिता सलीम ख़ान को देखने अस्पताल पहुंचे सलमान ख़ान। सलीम ख़ान की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ICU में भर्ती किया गया है। परिवार के सदस्य अस्पताल में मौजूद। @BeingSalmanKhan #SalmanKhan #SalimKhan #BollywoodNews pic.twitter.com/0KS8t0CdoO
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) February 18, 2026
इससे पहले मंगलवार शाम जारी बयान में डॉ. पारकर ने बताया था की सुबह 8:30 बजे सलीम खान को इमरजेंसी में लाया गया था, जहां तुरंत इलाज शुरू किया गया. उन्हें पहली मंजिल पर स्थित इंटेंसिव केयर यूनिट में शिफ्ट किया गया. डॉक्टरों की एक विशेष टीम—जिसमें न्यूरोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन शामिल हैं उनकी देखभाल कर रही है. परिवार की गोपनीयता का सम्मान करते हुए अधिक जानकारी साझा नहीं की गई थी.
सलीम खान हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर के प्रमुख लेखकों में से एक रहे हैं. उन्होंने कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों की पटकथा लिखी और भारतीय सिनेमा को नई दिशा दी. उनकी लेखनी ने एक पूरी पीढ़ी को प्रभावित किया है. यही वजह है की उनकी तबीयत से जुड़ी खबर ने पूरे देश में चिंता की लहर पैदा कर दी.
फिलहाल राहत की बात यह है की डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति नियंत्रण में है और वह धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं. परिवार, दोस्त और प्रशंसक सभी उनकी जल्द से जल्द पूर्ण स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं. उम्मीद है की आने वाले दिनों में सलीम खान पूरी तरह से स्वस्थ होकर घर लौटेंगे और एक बार फिर अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन जीते नजर आएंगे.
खुशी डैंग, प्रोड्यूसर