डेली24 भारत डेस्क: राजधानी में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. 23 वर्षीय साहिल धनेशरा की मौत के मामले में अब एक नया वीडियो सामने आया है, जिसने इस दुर्घटना को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह वीडियो उसी स्कॉर्पियो एसयूवी के अंदर से शूट किया गया था, जो इस हादसे में शामिल थी. वीडियो के वायरल होने के बाद न केवल आम लोगों में आक्रोश है, बल्कि जांच एजेंसियों के लिए भी यह एक अहम साक्ष्य बनता जा रहा है.
बताया जा रहा है की हादसे वाले दिन ही यह रील बनाई गई थी. वीडियो में नाबालिग चालक तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो चलाता नजर आ रहा है. सड़क पर कहीं भी डिवाइडर दिखाई नहीं देता और वाहन की गति काफी अधिक प्रतीत होती है. एक क्षण ऐसा भी आता है जब तेज रफ्तार एसयूवी सामने चल रही बस से बाल-बाल बचती दिखाई देती है. यह दृश्य साफ तौर पर संभावित खतरे की ओर इशारा करता है. हालांकि वीडियो से गाड़ी की सटीक रफ्तार का अंदाजा लगाना संभव नहीं है, लेकिन दृश्य यह संकेत देने के लिए पर्याप्त हैं कि वाहन सामान्य गति से कहीं अधिक तेज चल रहा था.
रील के चक्कर में रईसजादे ने ली युवक की जान!@DelhiPolice #Delhi #Dwarka #RoadAccident
Anchor – @journalistMahis pic.twitter.com/cM2jvRuEcf
— Daily 24 Bharat (@Daily24bharat) February 17, 2026
वीडियो में सामने की सीट पर बैठी एक लड़की पर्स हाथ में लेकर रील बनाती नजर आती है. सूत्रों के अनुसार, यह लड़की आरोपी नाबालिग चालक की बहन बताई जा रही है. यदि यह तथ्य सही है, तो यह मामला और भी संवेदनशील हो जाता है, क्योंकि इससे यह सवाल उठता है कि क्या वाहन चलाते समय सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाना प्राथमिकता बन गया था. सड़क पर चलाते समय इस तरह का व्यवहार न केवल गैरजिम्मेदाराना है, बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी खतरा पैदा करता है.
यह भीषण हादसा 3 फरवरी को सुबह 11:57 बजे द्वारका साउथ थाना क्षेत्र में लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास हुआ था. पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो वहां का दृश्य बेहद भयावह था. स्कॉर्पियो, एक स्विफ्ट डिजायर टैक्सी और साहिल की मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हुई थी, जिसके बाद कई अन्य वाहन भी आपस में भिड़ गए. लोगों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए. घायल साहिल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
इस मामले में सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हादसे की गंभीरता को और स्पष्ट कर दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक साहिल की मौत अत्यधिक रक्तस्राव यानी हेमरेज के कारण हुई. सिर के बाई ओर खोपड़ी में फ्रैक्चर पाया गया और स्कैल्प के नीचे खून का थक्का जमा था. डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण क्रेनियो-सेरेब्रल इंजरी के चलते हुआ हेमरेजिक शॉक बताया है.
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि अंदरूनी चोटें अत्यंत गंभीर थी. बाईं ओर की चौथी, पांचवीं और छठी पसलियां टूटी हुई मिली. दोनों फेफड़ों की झिल्लियों में करीब 100 मिलीलीटर खून पाया गया, जो गंभीर आंतरिक चोट का संकेत है. फेफड़ों को नुकसान पहुंचा था और दिमाग में सूजन दर्ज की गई. सिर के बाएं हिस्से में सबस्कैल्प हेमेटोमा और टेम्पोरो-पैरिएटल क्षेत्र में खोपड़ी की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई. इसके अलावा दिमाग में बड़े स्तर पर सबड्यूरल हेमेटोमा, खून के थक्के और सूजन पाई गई. मुंह के भीतर भी खून के थक्के मिले, जो चोटों की भयावहता को दर्शाते हैं. इस मामले में सामने आया वीडियो अब जांच का अहम हिस्सा बन सकता है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है की हादसे के समय गाड़ी की रफ्तार और परिस्थितियां क्या थी.
खुशी डैंग, प्रोड्यूसर