Daily 24 भारत डेस्क: ग्रेटर नोएडा के यमुना सिटी सेक्टर-28 में 21 फरवरी को उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखी जाएगी. यह ऐतिहासिक समारोह यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में आयोजित होगा. एचसीएल ग्रुप और फॉक्सकॉन के संयुक्त उपक्रम इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इस परियोजना में ₹3706 करोड़ का निवेश किया जा रहा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित कर सकते हैं, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव शिलान्यास समारोह में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होंगे. यूपी सरकार ने कंपनी को सेक्टर-28 में 48 एकड़ भूमि आवंटित की है.
यह यूनिट डिस्प्ले ड्राइवर आईसी (DDI) का निर्माण करेगी, जिनका उपयोग मोबाइल फोन, लैपटॉप, पीसी, ऑटोमोबाइल्स और अन्य डिस्प्ले पैनल वाले उपकरणों में किया जाता है. प्लांट की मासिक उत्पादन क्षमता 20,000 वेफर्स होगी, जिससे हर महीने लगभग 36 मिलियन चिप्स का उत्पादन संभव होगा. इस परियोजना से करीब 3,780 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है.
यूनिट को प्रतिदिन 19,000 KVA बिजली और 2,000 MLD पानी की आवश्यकता होगी. यह परियोजना भारत सरकार के सेमीकंडक्टर मिशन के तहत स्वीकृत छह इकाइयों में से एक है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निकट स्थित होने के कारण यह यूनिट YEIDA क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स और चिप मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के विकास में अहम भूमिका निभाएगी.समारोह को लेकर पुलिस, प्रशासन और YEIDA ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. यह परियोजना उत्तर प्रदेश को सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.