Daily 24 भारत डेस्क: भारतीय जनता पार्टी को जल्द ही नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने जा रहा है. पार्टी के शीर्ष संगठनात्मक पद के लिए चुनाव प्रक्रिया 19 जनवरी से शुरू होगी, जबकि 20 जनवरी को नए अध्यक्ष के नाम का औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा. इस दौड़ में मौजूदा कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं.
बीजेपी के केंद्रीय चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, 19 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे. नामांकन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रस्तावक के तौर पर मौजूद रहने की संभावना है. पार्टी ने इस चुनाव प्रक्रिया के लिए बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों को दिल्ली बुलाया है.
भारतीय जनता पार्टी के ‘संगठन पर्व’ के अंतर्गत राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण जी द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा।
निर्वाचन की प्रक्रिया 19 जनवरी से शुरू होकर 20 जनवरी 2026 तक पूर्ण होगी। pic.twitter.com/okmljzwzED
— BJP (@BJP4India) January 16, 2026
46 वर्षीय नितिन नबीन का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है. अगर ऐसा होता है, तो वह भारतीय जनता पार्टी के इतिहास के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे. दिसंबर 2025 में कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद से ही नबीन संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुटे रहे हैं, खास तौर पर बूथ मैनेजमेंट और कैडर विस्तार पर उन्होंने खास ध्यान दिया.
जेपी नड्डा के लंबे कार्यकाल के बाद यह नेतृत्व परिवर्तन बीजेपी संगठन में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है. नितिन नबीन का कार्यकाल तीन साल का होगा और उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती 2029 लोकसभा चुनावों की तैयारी रहेगी. आने वाले राज्य चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन से ही उनके नेतृत्व की असली परीक्षा होगी.अब सबकी निगाहें 20 जनवरी पर टिकी हैं, जब बीजेपी को औपचारिक रूप से अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा.